कारगिल कप किक्रेट टूर्नामेंट में मधुबन की टीम ने मोतिहारी को हराया
-रोमांचक खेल को देखने उमड़ी थी भीड़
पताही। प्रखंड मुख्यालय स्थित हाई स्कूल के खेल मैदान में कारगिल कप क्रिकेट टूर्नामेंट के 25 वें सीजन का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन मुकाबला मोतिहारी और मधुबन की टीमों के बीच हुआ। जिसने दर्शकों को अंत तक रोमांच में बांधे रखा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन भाजपा मंडल अध्यक्ष टूटन सिंह तथा पताही पूर्वी पंचायत के मुखिया कृष्ण मोहन कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। वहीं खेल भावना के साथ मुकाबले खेलने की अपील की। उद्घाटन मैच में टॉस जीतकर मोतिहारी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मोतिहारी की टीम निर्धारित ओवर पूरे होने से पहले 15.3 ओवर में ऑलआउट हो गई और 172 रन ही बना सकी।
टीम की ओर से नंदन कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 49 रन बनाए, जबकि साजिद ने 34 रन की उपयोगी पारी खेली। मधुबन की ओर से गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ शानदार प्रदर्शन किया। अरमान ने तीन ओवर में महज 15 रन देकर तीन अहम विकेट झटके, वहीं रणधीर ने तीन ओवर में 13 रन देकर दो विकेट चटकाए।
173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मधुबन की टीम ने बेहद रोमांचक अंदाज में मुकाबला खेला। अंतिम ओवर तक चले इस मैच में मधुबन ने एक विकेट से जीत दर्ज कर ली। मधुबन की जीत के नायक साहिल कुमार रहे, जिन्होंने मात्र 13 गेंदों में तूफानी 50 रन बनाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मोतिहारी की ओर से विक्की ने तीन विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।मैच के बाद मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मधुबन टीम के खिलाड़ी साहिल कुमार को पताही पूर्वी पंचायत के मुखिया कृष्ण मोहन कुमार ने प्रदान किया। दर्शकों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के खेल की जमकर सराहना की और आयोजन को सफल बताया। टूर्नामेंट का संचालन कंमेटेंटर लिटिल गुरु और बिट्टू कुमार ने किया।
इस मौके पर चंदन कुमार, सोनू कुमार, रिपु कुमार, रविंद्र कुमार, मुरारी कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद थे।

