मोतिहारी के क्रिकेटर सकीबुल गनी का समारोहपूर्वक किया गया सम्मान
मोतिहारी। खेल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। पहले के समय में बच्चे-बच्चियों को अभिभावकों द्वारा खेलने से रोका जाता था। अभिभावकों का पूरा ध्यान और निर्देश पढ़ाई को लेकर ही मिलता था। समय के साथ चीजें बदलीं। खेल के मैदान में नाम, यश और पैसा मिलने से समाज ने खेल को भी गंभीरता से लिया। खेल के माध्यम से लाखों युवा अपना कैरियर संवार रहे हैं।
विजय हजारे ट्रॉफी में सकीबुल गनी की कप्तानी वाली बिहार की टीम चैंपियन रही। विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की टीम ने इतिहास रचा। इस टीम में मोतिहारी के सकीबुल गनी के साथ जिला से साबिर खान और बादल कनौजिया भी बिहार टीम के हिस्सा थे।
ये बाते सांसद राधामोहन सिंह ने सकीबुल गनी के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जिला स्कूल में कही। उन्होने सकीबुल गनी बिहार सीनियर टीम के कप्तान के साथ ही रणजी ट्राफी, सैयद मुस्ताक अली ट्रॉफी एवं विजय हजारे ट्रॉफी के भी कप्तान हैं।
जिला के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने तलवारबाजी खेल में 24 राष्ट्रीय पदक हासिल किये है। यहां केशर राज ने दिसम्बर- 2025 में महाराष्ट्र में आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में अंडर-17 आयुवर्ग में रजत पदक हासिल किया। हरसिद्धि के शिवम कुमार ने नेशनल गेम्स उत्तराखण्ड में कांस्य पदक हासिल किया।
उत्तराखंड में 19 वीं सीनियर राष्ट्रीय सर्कल कबड्डी में आदित्य राज बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 24 जनवरी से राँची में होने वाले राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री में पूर्वी चम्पारण की कृति सिंह बिहार टीम के प्रतिनिधित्व करेंगे। मठिया डीह निवासी बेबी कुमारी गोवा और उत्तराखंड में नेशनल गेम्स में बिहार से एकमात्र बालिका खिलाड़ी के रूप में सूबे का प्रतिनिधित्व किया। जमला रोड निवासी शौर्य कुमार ने राज्य स्तर पर मेडल जीतकर दो नेशनल चैंपियनशिप में भागीदारी करते हुए अपनी प्रतिभा को कायम की है। इन खिलाड़ियो पर सभी को नाज है।

