सेमरा रेलवे स्टेशन पर बनेगा गति शक्ति मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल
पूर्वी चंपारण।पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर रेल मंडल ने पूर्वी चंपारण जिला को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। रेलवे ने मुजफ्फरपुर-सुगौली रेलखंड के पूर्वी चंपारण जिला स्थित सेमरा रेलवे स्टेशन के पास गति शक्ति मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) का निर्माण करने का निर्णय लिया है।
इस निर्माण को लेकर समस्तीपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने संयुक्त सर्वेक्षण करने के बाद इसकी रिपोर्ट भी भेज दी है।मिली जानकारी के अनुसार
मेसर्स कार्तिक ग्रेन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड इसको साइलो प्रोजेक्ट के तहत बनाएगी।पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर डिवीजन के रेल अधिकारी सर्वे में शामिल हुए। जिसमे बापूधाम मोतिहारी सेक्शन के टीआइ विनोद कुमार, केजीआइपीएल के डिप्टी मैनेजर ई रहम, मोतिहारी के सीनियर सेक्शन इंजीनियर अमरेंद्र कुमार,पीडब्लूआइ ओम प्रकाश, सुगौली के सीनियर सेक्शन इंजीनियर सिग्नल धर्मेन्द्र कुमार, टीआरडी के सीनियर सेक्शन इंजीनियर दिनेश कुमार आदि शामिल हुए।
बताया गया कि इसका प्रस्ताव फाइनल होने पर लागत की जानकारी मिलेगी। इसके बनने से देश के विभिन्न हिस्सों से खाद्यान के साथ अन्य सामग्री सेमरा स्टेशन पर पहुंचेगी। वर्तमान में बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के समीप स्थित रैंक प्वाइंट पर खाधान्न समेत अन्य सम्रागी पहुंचती है।जहां क्षमता से अधिक माल पहुंचने से रेलवे को काफी नुकसान हो रहा है। लिहाजा सेमरा में विशेष कार्गो के निर्माण का निर्णय लिया गया है।जाहिर है इस निर्माण के बाद इस पूरे इलाके में रोजगार के अवसर पैदा होगे।

