नई चीनी मिल के लिए 14 जिलो से मांगी गई जमीन की रिपोर्ट
पटना। बिहार सरकार ने चीनी मिल खोलने के लिए काम शुरू कर दिया है। गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने 14 जिलों के डीएम से एक सप्ताह में भूमि चयन कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है।
अपर मुख्य सचिव ने नई चीनी मिल लगाने और बंद चीनी मिलों के जीर्णोद्धार के लिए 14 डीएम को पत्र भेजकर सात दिनों में 100 एकड़ जमीन की रिपोर्ट भेजने को कहा है। इनमें पटना, नवादा, वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, बेतिया, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गयाजी, शिवहर, रोहतास और पूर्णिया जिला शामिल हैं।
अपर मुख्य सचिव ने डीएम से कहा है कि चीनी मिल के आसपास 30 से 40 हजार एकड़ गन्ना की खेती की आवश्यकता होगी। इसके लिए चिह्नित स्थल के निकटवर्ती क्षेत्र में गन्ना की खेती एवं सिंचाई के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की जाए। चीनी मिल के लिए स्थल के चयन में पुराने और बंद चीनी मिल को भी देखा जा सकता है। अपर सचिव ने चीनी मिल के लिए स्थल के साथ ही उन्नत गन्ना की खेती पर विचार करने के लिए विशेष कृषि टास्क फोर्स गठित करने को भी कहा है।लिहाजा राज्य सरकार के इस फैसले से लाखो गन्ना उत्पादक किसानो के साथ ही यहां रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना बढ गई है।

