रिश्वत लेकर मदद करने के मामले में पताही के अपर थानाध्यक्ष निलंबित

रिश्वत लेकर मदद करने के मामले में पताही के अपर थानाध्यक्ष निलंबित
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। रिश्वत लेकर एकपक्षीय लाभ पहुंचाने के आरोप में पताही थाना के अपर थानाध्यक्ष पंकज कुमार को निलंबित किया गया है। दरअसल उनका एक आडियो सोशल मीडिया में वायरल है,जिसमे वे पीड़ित पक्ष को लाभ पहुंचाने के एवज में रुपये मांग रहे है।

वायल आडियो को लेकर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर थानाध्यक्ष पंकज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, वायरल आडियो में अपर थानाध्यक्ष पंकज कुमार और रुपनी गांव निवासी टुनटुन पांडेय के बीच कथित बातचीत दर्ज है।

बातचीत में भूमि विवाद से जुड़े मामले में मदद करने और गिरफ्तारी से बचाने के बदले पैसों की मांग की जा रही है। यह मामला पताही थाना क्षेत्र के रुपनी गांव का बताया जा रहा है, जहां चार कट्ठा जमीन को लेकर मामला न्यायालय में लंबित है। इन दोनों मामलों की जांच की जिम्मेदारी अपर थानाध्यक्ष पंकज कुमार को सौंपी गई थी।

आडियो में टुनटुन पांडेय को गिरफ्तार नहीं करने के एवज में 1.30 लाख रुपये की रिश्वत मांगे जाने की बात सामने आ रही है। इतना ही नहीं पैसे नहीं देने पर घर को जेसीबी से तोड़ देने की धमकी भी दी गई है।

बताया गया कि वर्ष 2017 से संजीव साह और टुनटुन पांडेय के बीच चार कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद के सिलसिले में दर्ज मामलों की जांच के दौरान अपर थानाध्यक्ष पर टुनटुन पांडेय को लाभ पहुंचाने के लिए रुपये मांगने का आरोप है। आरोप है कि फोन पर ही सौदेबाजी तय हुई और एक दोस्त के फोन-पे अकाउंट पर पैसे मंगवाने की बात कही गई।

इसके बाद संबंधित आडियो और अन्य साक्ष्यों के साथ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी पकड़ीदयाल के डीएसपी कुमार चंदन को सौंपी गई है।

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी नहीं करने के एवज में पैसे की मांग से संबंधित आडियो मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा पताही थाना के अपर थानाध्यक्ष पंकज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर अपर थानाध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page