भारी सुरक्षा बलों की मौजूदगी में ईडी की छापेमारी
कोटवा। थाना क्षेत्र के अमवा गांव में गुरुवार सुबह से ही रामू श्रीवास्तव के पुत्र सक्षम श्रीवास्तव के घर पर ईडी की रेड जारी है। बताते है कि कई गाड़ियों से ईडी के अधिकारी और सुरक्षा बल अमवा गांव में सुबह के तकरीबन 4 बजे पहुंचे और घर को चारो तरफ से घेर लिया, फिर सक्षम के पिता रामू श्रीवास्तव सहित घर के अन्य सदस्यों से पूछताछ करने के साथ ही एक एक कमरे और अलमीरा सहित बॉक्स की तलाशी शुरू की।
बताते है कि ईडी की टीम सक्षम के विरुद्ध मिली शिकायत को लेकर रेड करने पहुंची है । सूत्रों के अनुसार सक्षम श्रीवास्तव पर रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है। बताया जाता है कि एक बड़ा सिंडिकेट युवाओं को रेलवे सहित अन्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था।
इस मामले को लेकर पहले भी उस पर रुपये के लेनदेन से जुड़ा केस दर्ज हुआ था और वह जेल भी जा चुका है। छापेमारी के दौरान ईडी के अधिकारी घर के अंदर दस्तावेज सहित हर एक चीज की गहनता से जांच कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गत दिनों मुफ्फसिल थाने के भटहां में सोनपुर रेल पुलिस और मुफ्फसिल थाने की पुलिस ने रेड कर पिस्टल , गोली , रेलवे सुरक्षा बल के एसआई की वर्दी, बैच , स्टार , लैपटॉप और कई दस्तावेज आदि बरामद किया था। उक्त मामले में भी सक्षम का नाम आया था। वहां फर्जी प्रशिक्षण केंद्र चलाने का खुलासा हुआ था।
हालांकि अमवा रेड में शामिल किसी भी अधिकारी ने अब तक मीडिया को आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। वही चर्चा है कि नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी के सिंडिकेट को लेकर ही ईडी की इतनी बड़ी कार्रवाई हो रही है। ऐसे में रेड के दौरान जांच एजेंसी को क्या कुछ मिला है, इसकी जानकारी आधिकारिक बयान में ही सामने आएगी।

