रक्सौल विधायक ने किया अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया
-स्वास्थ्यकर्मियों को दिए सख्त निर्देश
रक्सौल। स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा बुधवार को रक्सौल अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
इस क्रम में विधायक ने अस्पताल की उपाधीक्षक स्वाति सपन और पीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव रंजन के साथ समीक्षा भी की। उन्होंने अस्पताल के सभी डॉक्टरों, नर्सों और आशा कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। विधायक ने कड़े शब्दों में कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों के प्रति स्वास्थ्यकर्मी संवेदनशीलता रखें और उनके उपचार में रुचि लें।
ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।हमारा उद्देश्य है रक्सौल की स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ रहे। हर जरूरतमंद मरीज को समय पर उचित इलाज और सम्मान मिलना चाहिए। मौके पर मुख्य रूप से भाजपा नेता राकेश कुशवाहा, इन्द्राशन पटेल, रवि गुप्ता, कमलेश कुमार, प्रेम गुप्ता सहित कई अन्य कार्यकर्ता और अस्पताल कर्मी उपस्थित थे।

