टीचर्स ऑफ बिहार सशक्त शैक्षणिक मंच:शिव कुमार
मोतिहारी। टीचर्स ऑफ बिहार आज बिहार के शिक्षकों एवं छात्रों के लिए एक उपयोगी, प्रभावी और सशक्त शैक्षणिक मंच के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुका है। यह मंच विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से शिक्षकों द्वारा विद्यालय स्तर पर किए जा रहे नवाचारों, शैक्षणिक गतिविधियों और रचनात्मक प्रयासों को न केवल आगे बढ़ा रहा है, बल्कि उनकी पहचान को राज्य से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य भी कर रहा है।
टीचर्स ऑफ बिहार द्वारा शिक्षकों एवं छात्रों के शैक्षणिक विकास को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर विभिन्न प्रकार की ई-पत्रिकाओं का प्रकाशन किया जा रहा है। इन ई-पत्रिकाओं के माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। मंच की प्रमुख ई-पत्रिकाओं में बालमन, दैनिक ज्ञानकोश, बालमंच,पद्यपंकज,गद्यगुंजन एवं प्रज्ञानिका शामिल हैं, जो शिक्षकों के साथ-साथ छात्रों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही हैं।
टीचर्स ऑफ बिहार के संस्थापक शिव कुमार एवं टेक्निकल टीम लीडर ई. शिवेंद्र प्रकाश सुमन ने बताया कि इस मंच का उद्देश्य शिक्षकों और छात्रों को एक साझा डिजिटल प्लेटफार्म उपलब्ध कराना है। वहीं प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि टीचर्स ऑफ बिहार निरंतर शिक्षकों की सकारात्मक पहलों को प्रोत्साहित कर रहा है।

