शराब कांड में गिरफ्तार गजेंद्र के आवास से चोरी की बाइक बरामद
– शराब ढुलाई में बाइक इस्तेमाल का पटाक्षेप
कोटवा। भोपतपुर थाना पुलिस ने बैरियाडीह गांव से गुप्त सूचना के आधार पर एक चोरी की बाइक बरामद की है। बताया गया है कि बरामद टीवीएस कंपनी की बाइक गजेंद्र यादव बैरियाडीह कल्याणपुर के आवास पर छापेमारी कर जब्त की गई है।
इस बाबत थानाध्यक्ष भोपतपुर विकास कुमार ने बताया कि डेढ़ माह पहले गजेंद्र को केसरिया थाना पुलिस द्वारा शराब कांड में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। बरामद टीवीएस बाइक का इंजन और चेचिस नम्बर घिसा हुआ है, इसको लेकर सौ फीसदी तय माना जा रहा है कि बाइक चोरी की है। एचएचडी मशीन से जांच करने पर इंजन के नंबर में भिन्नता पाई गयी। जब्त बाइक का इस्तेमाल वह शराब ढोने को लेकर करता था।
अब भोपतपुर पुलिस उसे चोरी की बाइक बरामदगी के मामले में रिमांड पर लेकर शराब तस्करी और चोरी की बाइक रखने के संबंध में गहन पूछताछ करेगी। फिलवक्त पुलिस ने मोटरसाइकिल जप्त कर अग्रिम करवाईं शुरू कर दी हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष के अलावें एसआई मो. आरिफ हुसैन, एएसआई जितेंद्र कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

