सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
Facebook WhatsApp


-पटना से शव पहुंचते ही घर में कोहराम
सुगौली। एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद घायल युवक की पटना में इलाज के दौरान मौत हो जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान सुगौली नगर के नायक टोला, वार्ड संख्या/06 निवासी शत्रुधन प्रसाद बरनवाल के पुत्र प्रिंस कुमार बरनवाल के रूप में की गई है। प्रिंस की मौत शनिवार की देर रात पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मोहल्ले में शोक का माहौल कायम हो गया।

रविवार को जब प्रिंस का शव पटना से उसके पैतृक आवास नायक टोला पहुंचा,तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शव देखते ही मां-बाप और अन्य परिजनों की चीख-चित्कार से पूरा इलाका गमगीन हो उठा। आसपास के लोग भी इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर भावुक थे।  जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार की रात सुगौली ओवरब्रिज पर प्रिंस की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में उसके दाहिने पैर की जांघ और चक्की की हड्डी टूट गई, जबकि बाएं पैर के घुटने के निचले हिस्से में दो जगह फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा एड़ी की हड्डी भी टूट गई थी।

हादसे में उसके सिर में भी गंभीर चोट आई थी, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से प्रिंस को सुगौली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। निधन पर जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी सहित गणमान्य लोगों ने गहरी  संवेदना प्रकट की है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page