शॉर्ट सर्किट से लगी आग में पांच आवासीय मकान जलकर राख, लाखों की संपत्ति नष्ट
चिरैया। प्रखंड के हराजनुरुल्लाहपुर पंचायत अंतर्गत नारायणपुर गांव में शनिवार की अहले सुबह बिजली की शॉर्ट सर्किट से लगी आग में पांच आवासीय मकान जलकर राख हो गई। जबकि आगलगी की इस घटना में पांच लाख से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है।
आग लगी की इस घटना में उक्त गांव निवासी स्व. बैधनाथ पासवान के पुत्र शिवपूजन पासवान, गौरीशंकर पासवान, शिवजी पासवान, सूजन पासवान व श्रीचंद्र पासवान का घर जल गया। अग्निपीड़ित शिवपूजन पासवान ने बताया है कि आग लगने से हम पांचों भाइयों के घर में रखे कुल 55 हजार रुपए नगद, 25 क्विंटल अनाज, कपड़े, फर्नीचर सहित दो साईकिल, मोटर व तार सहित थ्रेसर जलकर राख हो गये। घटना के समय सभी लोग सो रहे थे। इस बीच अचानक आग लगने से चारों तरफ अफरा- तफरी मच गई।
कड़ाके की ठंड के बावजूद आग की लपटें इतनी भयानक थी कि लोग उसके आस पास फटक नही पाये। ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
सूचना पर पहुंचे अग्निशामक दस्ते ने आग पर काबू पाया। अलबत्ता घर में रखे सब कुछ जलकर राख हो चुका था। मामले को लेकर अग्नि पीड़ितों ने शिकारगंज थाना व चिरैया अंचल कार्यालय को आवेदन पत्र दे दिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार इस कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व कर्मचारी सुरजीत कुमार ने आग से हुई क्षति का आंकलन किया। जबकि पूर्व विधायक लक्ष्मीनारायण प्रसाद यादव, पूर्व प्रत्याशी अच्छे लाल प्रसाद यादव तथा पंचायत के मुखिया पति कृष्णा राम ने आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से अग्निपीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

