सिकरहना बांध के निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमणकारी
-अतिक्रमणकारियों को दो-दो बार विभाग की ओर से नोटिस
-प्रशासनिक स्तर पर सख्ती की तैयारी तेज
सुगौली। नगर क्षेत्र अंतर्गत निमुई अमीर खां बेलइठ में निर्माणाधीन बांध का कार्य इन दिनों युद्धस्तर पर जारी है। बाढ़ नियंत्रण और क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिकरहना नहर प्रमंडल द्वारा बांध निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन बांध के बीचों-बीच बने कई अतिक्रमित मकान कार्य में बड़ी बाधा बने हुए हैं।
फलस्वरूप इस समस्या को लेकर सिकरहना नहर प्रमंडल और जिला प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारी को दो बार नोटिस भेजा जा चुका है। लेकिन संबंधित लोग अतिक्रमण नहीं हटाये है। अतिक्रमणकारियो के कारण बांध निर्माण की रफ्तार प्रभावित हो रही है।
सूत्रों के अनुसार अब अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर प्रशासन की ओर से ठोस तैयारी शुरू कर दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही प्रशासन का बुलडोजर अतिक्रमण चलेगा।
इस संबंध में सिकरहना नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले लोगों को दो बार विधिवत नोटिस तामिला कराया जा चुका है। यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन की मदद से अतिक्रमण को मुक्त कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की जाएगी।

