नेपाल आर्म्ड फोर्स के महानिरीक्षक ने किया मैत्री पुल के समीप सौंदर्यीकरण कार्यो का निरीक्षण
वीरगंज।नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) के महानिरीक्षक राजू आर्याल ने बीरगंज-रक्सौल स्थित अंतरराष्ट्रीय मैत्री पुल समीप नो मेंस लैड क्षेत्र के आसपास किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य का रविवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्थित आधारभूत संरचना विकास को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
महानिरीक्षक आर्याल ने कहा कि नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र देश की पहचान से जुड़ा संवेदनशील स्थल है। यहां पर्यावरणीय सौंदर्य, स्वच्छता और सुरक्षा प्रबंधन को सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने हरियाली के संवर्धन, सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण और दीर्घकालीन प्रबंधन के लिए कार्य कर रहे सभी संस्थाओं के बीच समन्वय पर बल दिया।
उल्लेखनीय है,कि हरियाली और प्रकृति का महत्व हमारे जीवन में अमूल्य है के संदेश के साथ वीरगंज महानगर पालिका, ग्रीन सिटी सामुदायिक पुलिस सेवा केंद्र आदर्शनगर और सशस्त्र प्रहरी बल बीरगंज के संयुक्त आयोजन को संचालित किया जा रहा है। मौके पर वीरगंज महा नगरपालिका के मेयर राजेशमान सिंह, सशस्त्र प्रहरी के एसपी पूरन चंद भट्ट, डीएसपी पुरुषोत्तम भंडारी, ग्रीन सिटी सामुदायिक पुलिस सेवा केंद्र आदर्शनगर के अध्यक्ष प्रकाश खेतान, पुलिस कार्यालय बृता के प्रभारी पुलिस निरीक्षक बिक्रम सुवेदी, रक्सौल के सीमा सुरक्षा बल के पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

