घोड़ासहन में हथियार के बल पर किराना दूकानदार से एक लाख रूपये की हुई लूट
पूर्वी चंपारण। जिले के घोड़ासहन के मदरसा चौक पर रविवार शाम करीब 5:30 बजे एक किराना दुकान से अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने करीब एक लाख रुपए लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
घोड़ासहन के गांधीनगर मुहल्ला निवासी पीड़ित किराना दुकानदार राजेश कुमार उर्फ मुन्ना जायसवाल ने बताया कि वे दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश दुकान के सामने रुके। तीनों अपना चेहरे ढंके थे और तेजी से सभी बदमाश दुकान के अंदर घुसे और अचानक शटर गिरा दिया। पिस्टल दिखाकर डराया और काउंटर में रखे करीब एक लाख रुपए लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश अपनी बाइक से मदरसा चौक की ओर भाग निकले।
वही घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे घोड़ासहन थाना प्रभारी संजीव कुमार ने पीड़ित दुकानदार से पूरी घटना की जानकारी ली और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनके भागने की दिशा का पता लगाने में जुटी है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

