गिफ्ट कॉर्नर का दुकानदार निकला शराब तस्कर-पिता-पुत्र गिरफ्तार
-दुकान को किया गया सील
चिरैया। पुलिस ने थाना क्षेत्र के खड़तरी गांव में शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गिफ्ट कॉर्नर में शराब बेंच रहे कारोबारी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उक्त गिफ्ट कॉर्नर को पुलिस द्वारा सील कर दिया गया है। बताया जा रहा है गिफ्ट कॉर्नर एवं किराना दुकान की आड़ में शराब बेंची जा रही थी।
पुलिस द्वारा दुकान के आगे सील का नोटिस लगा दिया गया है। मामला थाना क्षेत्र के खड़तरी गांव स्थित अन्वी गिफ्ट कॉर्नर एवं विशाल किराना स्टोर की बताई गई है। थानाध्यक्ष महेश कुमार के नेतृत्व एवं सब इंस्पेक्टर खगेश झा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार की रात को गिफ्ट कॉर्नर में छापामारी की। छापेमारी के दौरान दुकान से 38.12 लीटर विदेशी शराब की बोतल व 24 लीटर देसी शराब सहित 62.120 लीटर शराब बरामद की गई है। संचालक खड़तरी गांव निवासी 55 वर्षीय सुरेश भगत पिता स्वर्गीय लक्ष्मी भगत एवं उसके पुत्र रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-पूर्व में भी गिरफ्तार हुआ था दुकानदार
पुलिस के अनुसार पिता व पुत्र एक आदतन अपराधी है। इसी वर्ष होली से एक दिन पूर्व भी शराब बेंचने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। गिफ्ट काॅर्नर को बिहार मद्य निषेध व उत्पाद अधिनियम की धारा 62 के अन्तर्गत तत्काल सील कर दिया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि गिफ्ट काउंटर दुकान से शराब के साथ दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। पिता-पुत्र को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

