प्राचीन शिव मंदिर में चोरी,ताला तोड़ कलश, ढक्कन व घंटी ले गए चोर
मोतिहारी। चोरों के निशाने में अब मोतिहारी के मदिर भी आ गए है। गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे देवी माता मंदिर में बड़ी चोरी की घटना के बाद अब मोतिहारी के मंदिरों पर भी चोरी की नजर पड़ गई है। मिली जानकारी के मुताबिक नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदमारी मुहल्ला स्थित एमएस कॉलेज के खेल मैदान के समीप स्थित प्राचीन शिव मंदिर को अज्ञात चोरों ने निशान बनाया है।
मंदिर के दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने मंदिर में रखा कलश, ढक्कन व घंटी की चोरी कर ली। घटना को लेकर मंदिर के पुजारी चंद्रिका उपाध्याय ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने अज्ञात चोरों को आरोपित करते हुए अपने आवेदन के माध्यम से पुलिस को बताया है कि शाम में मंदिर में ताला लगा घर चला गया, सुबह में पूजा पाठ के लिए मंदिर खोलने आया तो देखा कि दरवाजा खुला था।
वहीं मंदिर का कलश, ढक्कन व घंटी गायब थी। पुजारी ने बताया है कि मंदिर से इससे पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है। दोनों बार चोरों ने दानपात्र की चोरी की थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।

