महुआवा में सीएसपी संचालक से लूटकांड का उद्भेदन, लूटी गई 2.78 लाख सहित 5 गिरफ्तार
– 12 दिसंबर को अपाची बाइक सवार बदमाशों ने सीएसपी संचालक दो भाइयों से लूटा था कैश व लैपटॉप
-भागने के क्रम में दो लोगों को गोली मारकर किया था घायल
मोतिहारी। महुआवा थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक दो भाइयों से लूट और गोलीमार कर दो लोगों को घायल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 5 बदमाशों को लूट की पूरी रकम के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए अपराधी अंतरजिला गैंग के बदमाश है, जिसमें महुआवा थाने के बिंदवासनी गांव का संदीप कुमार, दरपा गुलरिया का अभिजीत कुमार, दरपा पीपरा का प्रशांत कुमार व रमीज राजा एवं सीतामढ़ी बरगीनिया थाने के पताही गांव का मो0 तौफीक हैदर शामिल है। इनलोगों के पास से लूट की पूरी राशि 2 लाख 78 हजार 1 सौ 44 रुपया, एक पिस्टल, एक लोडेड कट्टा, एक जिंदा कारतुस, दो पिस्टल की फायर गोली, लूटी गई एक लैपटॉप व 5 मोबाइल फोन बरामद की गई हैे,इसके अलावें घटना के वक्त पहना गया शातिर अभिजीत का कपड़ा और चप्पल भी पुलिस ने बरामद किया है।
बताया गया है कि 12 दिसंबर को शाम सवा 7 बजे महुआवा चौक के पास सेंट्रल बैंक के सीएसपी संचालक विजय कुमार और उसके भाई राजन कुमार पांडेय से उज्जले रंग की अपाची बाइक सवार तीन बदमाशों ने उक्त राशि सहित लैपटॉप लूट लिया था।
वही भागने के दौरान चंद्रमन चैक सैनिक रोड पर दो लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया। मामले को लेकर एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी रक्सौल मनीष आनंद के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया, जिसने 48 घंटे के अंदर इस पूरे घटना का उद्भेदन कर दिया और पांच अपराधी गिरफ्तार किए गए। पुलिस टीम में डीएसपी के अलावे महुआवा थानाध्यक्ष मनोज कुमार, छौड़ादानो प्रभाकर कुमार, आदापुर पप्पू पासवान, हरपुर राहुल कुमार, नकारदेई भरत कुमार, टेक्निकल सेल के ब्रजेश कुमार उपेंद्र कुमार सहित पुलिस बल शामिल थे।

