रक्सौल में जमीयत उलमा-ए-हिंद ने नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में जरूरतमंदो के बीच किया कंबल वितरण
रक्सौल। मानवता और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए जमीयत उलमा-ए-हिंद, रक्सौल इकाई ने अल-फातिमा एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के साथ मिलकर ज़रूरतमंद लोगों के लिए एक बड़ा राहत कार्यक्रम आयोजित किया। मौलाना कमरुज्जमा मजाहिरी की अध्यक्षता में रविवार को शहर के कौड़ीहार रोड स्थित बबीता मैरेज हॉल में कंबल वितरण और नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
आगामी कड़ाके की ठंड को देखते हुए, इस सहयोग कार्यक्रम के तहत 125 आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को सूची के अनुसार गर्म कंबल प्रदान किए गए। जमीयत उलमा-ए-हिंद, रक्सौल के सचिव मुफ्ती ज्याउल हक कासमी ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी राहत के रूप में गर्म कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि जमीयत मानवता और सेवा भावना को आधार बनाकर समाज के हर वर्ग तक पहुंचने वाले कार्यक्रमों को लगातार आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहायता सख्त ठंड में कमज़ोर व्यक्तियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी।
उन्होने बताया कि इस नेक पहल के साथ ही एक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें करीब सौ लोगों का स्वास्थ्य जांच, उपचार और दवा वितरण किया गया। जनता हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉक्टर नूरुल हसन और उनकी पूरी टीम ने शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे सैकड़ों लोगों को अपनी स्वास्थ्य जांच कराने और मुफ्त दवाएं लेने का लाभ मिला।
इस नेक काम को समर्थन देने के लिए कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में मो० असलम साहब (पूर्व प्रमुख आदापुर) और विशेष अतिथियों में समाजसेवी जनाब नूरुल्लाह खान, शिक्षक साइमन रेक्स, वरीय पत्रकार दीपक अग्निरथ सहित नगर परिषद और मस्जिद के इमामों ने शिरकत की।
उपस्थित अतिथियों ने इस अभियान को अत्यंत सार्थक, प्रभावकारी और अनुकरणीय पहल के रूप में सराहना की।मंच का संचालन जनाब मास्टर अशरफ़ साहब ने किया। यह सफल आयोजन दिखाता है कि कैसे सामाजिक संगठन एकजुट होकर समाज के सबसे कमजोर वर्ग के लिए उम्मीद की किरण बन सकते हैं।

