ग्रामीण विकास कार्यो की पकड़ीदयाल में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
– विकास कार्यो में तेजी लाये अधिकारी, शिथिलता बरतने पर होगी कठोर कार्रवाई: डीएम
मोतिहारी। पकड़ीदयाल अनुमंडल सभागार में जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने राज्य सरकार की ओर से चलाये जा रहे विभिन्न योजना की गहन समीक्षा की। इस दौरान उनहोने ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति को देखा। उक्त अवसर पर अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा एवं उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार भी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 की आवास स्वीकृति, आवास पूर्णता, ई-केवाईसी, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना में लंबित आवास पूर्णता की समीक्षा की गई। साथ ही कार्यों में एक सप्ताह में प्रगति लाने हेतु निर्देशित किया गया। आवास प्लस, 2024 के माध्यम से सर्वेक्षित नए लाभुकों का सत्यापन कराने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत आईएचएचएल अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (डब्लू पीयू) के निर्माण, डोर-टू-डोर विजीट लेक्शन व्यक्तिगत/सामुदायिक शौचालय का निर्माण, एसएलडब्लूएम संबंधी उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने, ओडीएफ प्लस मॉडल एवं मॉडल गांव का सत्यापन करने के संदर्भ में प्रखंडवार समीक्षा की गई।
मनरेगा अंतर्गत लाभुकों का ई-केवाईसी में कार्यक्रम पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निदेश दिया गया। कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी पकड़ीदयाल, भू-अर्जन पदाधिकारी भूमि सुधार उप समाहर्ता, पकड़ीदयाल, निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, अनुमंडल के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, सभी कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा एवं प्रखंड/अंचल स्तरीय कर्मी उपस्थित थे।

