महिलाओं की बुनियादी साक्षरता परीक्षा शुरू, 180 से अधिक परीक्षार्थी रहीं उपस्थित
सुगौली। नगर के राजकीय मध्य विद्यालय कन्या परिसर में 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं की बुनियादी साक्षरता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में नवसाक्षर महिलाओं ने भाग लिया। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया था। परीक्षा केंद्र पर कुल 180 से अधिक महिलाओं की उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे उनके उत्साह और शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का स्पष्ट प्रमाण मिला।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल नौ विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं ड्यूटी पर तैनात रहे। केंद्र पर शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा में शामिल हुई महिलाओं में चिंता देवी,पुष्पा देवी, सबिता देवी,राधा देवी सहित अन्य परीक्षार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि इस तरह की परीक्षा में शामिल होकर वे खुद को आत्मनिर्भर महसूस कर रही हैं। महिलाओं ने कहा कि शिक्षा से उनके जीवन में नई रोशनी आई है और वे अब अपने बच्चों की पढ़ाई में भी बेहतर सहयोग कर पाएंगी।
महिलाओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना अत्यंत सराहनीय है। उनका मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम से समाज में शिक्षा का स्तर बढ़ेगा और महिलाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के माध्यम से उन्हें न केवल पढ़ने-लिखने और सीखने का अवसर मिला, बल्कि ज्ञान का एक नया द्वार भी खुला है।
परीक्षा केंद्र पर प्रधानाध्यापक सुमन कुमारी सहित केआरपी मोख्तार आलम,मोहम्मद नसीरुद्दीन आलम, कहकेशा यास्मीन,कन्हैया चौधरी, शाहिद जमील,मोहम्मद ताहीर आलम,दीपमाला कुमारी,सीमा कुमारी और जेयाउल इमाम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी के सहयोग से परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई गई।

