साइबर ठगी के शिकार शिक्षक का लौटा 2.68 लाख रूपया
थाना पहुंचकर शिक्षक ने कहा थैंक्यू साइबर पुलिस
मोतिहारी। साइबर थाना की पुलिस ने शुक्रवार को शिक्षक से किया गया साइबर फ्रॉड का 2.68 लाख रुपए वापस कराया है। रक्सौल प्रखंड के हरदिया पंचायत में नव सृजित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ओमप्रकाश तिवारी ने इस मामले में जून 2024 में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मलाही थाना क्षेत्र के सिरनी बाजार निवासी शिक्षक ने रक्सौल के एसबीआई शाखा में सोना बचत खाता खोले थे। जिसमें उन्होंने बताया था कि रक्सौल के स्टेट बैंक में खाते में लिंक मोबाइल नंबर रिचार्ज नहीं होने से एसएमएस नहीं आ रहा था, उस मोबाइल नंबर को चेंज करने के दौरान वह दो तीन बार ब्रांच गए। इस बीच उनके बचत खाते से 2 लाख 68 हजार गायब हो गए। इस मामले में उन्होंने तत्कालीन ब्रांच मैनेजर पर भी संदेह जाहिर किया था। घटना को लेकर साइबर थाने की पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान करते हुए मामले का उद्वेदन किया है और पीड़ित शिक्षक को उनके खाते से गायब 2 लाख 68 हजार रुपए वापस कराया है। पुलिस टीम में साइबर डीएसपी सह थाना अध्यक्ष अभिनव पाराशर, इंस्पेक्टर राजीव सिन्हा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे हैं। राशि वापस होने के बाद साइबर थाना पहुंचे शिक्षक ओमप्रकाश तिवारी ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है और इस दौरान उनका चेहरा खिला हुआ था।

