कोटवा के दीपऊ कट पर पुलिस पर हमले को लेकर 293 लोग पर एफआईआर दर्ज
-43 नामजद अन्य अज्ञात,तीन को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोटवा। थाना क्षेत्र के दीपऊ कट पर भीषण सड़क हादसे के बाद पुलिस टीम पर किए गए जानलेवा हमले को लेकर थाना अध्यक्ष प्रत्यूष कुमार विक्की ने स्वयं के बयान पर प्राथमिक दर्ज किया है। वही इस मामले में तीन की गिरफ्तारी हुई है। थाना प्रभारी द्वारा दर्ज कराए गए प्राथमिक में कोटवा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव के 43 लोगों को नामजद किया गया है जबकि 250 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिक की दर्ज की गई है। अपने स्व बयान में थाना अध्यक्ष ने कहा है कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद वह सिपाही सहित थाने के अन्य पुलिस अधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझने बुझाने का प्रयास करते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवा रहे थे।
इस बीच उक्त आरोपियों ने नाजायज मजमा बनाकर पुलिस के साथ मारपीट की और ईट पत्थर चलाया। जिससे उन्हें एवं सब इंस्पेक्टर अमन कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मियों को चोट आई। आरोपियों ने एनएच 27 पर ही एनएचआई के एक वाहन को भी जला दिया। जिससे 12 लाख 50 हजार का नुकसान हुआ है। इस मामले को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया है कि अन्य आरोपियों कीे पहचान फोटो एवं वीडियो के आधार पर की जा रही है। इसके साथ ही फरार आरोपितों के विरुद्ध छापेमारी की जा रही है। यहां बता दे की 30 नवंबर के दोपहर 12:10 पर दीपऊ कट स्थित एनएच 27 पर ट्रक लोरी के चपेट में आने से बाइक और ई रिक्शा सवार 5 लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी जबकि कई लोग घायल हो गए थे।

