सुगौली नगर क्षेत्र में कचरे का लगा अंबार
-सफाईकर्मियों की हड़ताल शहर की हालात खराब
सुगौली। नगर पंचायत क्षेत्र की व्यवस्था एक बार फिर से पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। कारण की सफाईकर्मी अपने पीएफ की मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए है।नगर के वार्डों की सड़कों पर कूड़ा-कचरा जमा हो गया है। जो आते-जाते लोगों के पैरों से चारों तरफ फैल रहा है।जानवर अपने खाने की खोज में भी कचरे को फैला रहे हैं। बाढ़ का पानी समाप्त होते हीं पूरे नगर में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। स्थिति यह है कि सुबह से लेकर देर रात तक मच्छरों का आतंक लोगों को चैन से रहने नहीं दे रहा है।
नगरवासियों का कहना है कि समस्या गंभीर होने के बावजूद नगर पंचायत का रवैया पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। वार्डों में फॉगिंग न होने से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। लोगों को डर है कि मच्छरों के काटने से डेंगू, जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) और मलेरिया जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत हर वर्ष करोड़ों रुपये सफाई और जनस्वास्थ्य मद में खर्च करता है।लेकिन जमीनी स्तर पर बहुत कुछ नही दिखाई देता है। बढ़ते मच्छरों और गंदगी को देखकर नगर पंचायत की कार्यशैली खुद अपनी बेबसी बयां कर रही है। सफाईकर्मियों के हड़ताल के कारण नगर के अधिकांश वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है। जगह-जगह सड़कों व गलियों में फैली गंदगी से दुर्गंध उठ रही है।
जिससे लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। कचरे से मच्छरों के साथ-साथ अन्य कीटाणुओं के भी फैलने का खतरा बढ़ गया है। नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते नगर पंचायत ने फॉगिंग और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की, तो स्थिति और भयावह हो सकती है। नगर के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन और नगर पंचायत से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि लोगों को बढ़ते मच्छरों और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।

