एमएस काॅलेज में छात्रो के बीच एड्स के प्रति जागरूकता का प्रयास
– वक्ताओं ने इस बीमारी से दूर रहने का दिया संदेश
मोतिहारी। मुंशी सिंह महाविद्यालय, स्थित सेहत केंद्र एवं एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं जिसमें डिबेट (वाद-विवाद), रंगोली और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागी विद्यार्थियों ने एड्स के प्रति रोकथाम, जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी तथा भेदभाव मुक्त वातावरण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता एवं दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रभावशाली बनाया। कार्यक्रम में सेहत केंद्र के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार, एन.एस.एस इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. गौरव भारती तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एमएन हक की उपस्थिति रही। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को एड्स के प्रति जागरूक रहकर समाज में जनसहभागिता बढ़ाने तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और सभी से एड्स मुक्त समाज निर्माण के लिए जनजागरूकता अभियान को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया गया।

