इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की टीम के प्रयास प्रशंसनीय: डीएम
-आईपीपीबी ने डोर-टू-डोर सेवा एवं कैंप मोड में निभाई अहम भूमिका: डाक अधीक्षक
मोतिहारी।इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी), मोतिहारी शाखा ने ग्राहक अधिग्रहण में 12 लाख की उल्लेखनीय व्यवसायिक उपलब्धि पर उत्सव मनाया। यह उपलब्धि जिले में डिजिटल एवं वित्तीय समावेशन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जनसामान्य तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने की दिशा में प्रेरक उपलब्धि बताया।
इस सफलता को प्राप्त करने में डाक अधीक्षक, डॉ. अशुतोष आदित्य ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “2047 तक सभी के लिए बीमा” के अंतर्गत आईपीपीबी ने ‘डाकिया’ की ऐतिहासिक एवं विश्वसनीय भूमिका को गर्वपूर्वक निभाया है।
इस वित्तीय वर्ष में पीएम जेजेबीवाई योजना के तहत 454 लाभार्थियों को बीमा सुरक्षा प्रदान की गई है। माइक्रो पीएम कवर के माध्यम से 35,000 नागरिकों को सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया गया है, जो जिले में वित्तीय सुरक्षा के विस्तार का उल्लेखनीय प्रमाण है। इसी क्रम में बाल आधार पंजीकरण में भी आईपीपीबी मोतिहारी शाखा ने डोर-टू-डोर सेवा और कैंप मोड दोनों माध्यमों से अहम एवं सक्रिय भूमिका निभाई है, जिससे हजारों बच्चों को पहचान और सरकारी लाभों तक पहुंच सुनिश्चित हो रही है।
यह शाखा आगे भी जिले के प्रत्येक घर तक सुरक्षित, सुविधाजनक, किफायती बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को पहुंचाने के अपने संकल्प को और अधिक मजबूती से पूरा करती रहेगी।

