महदेवा गांव में पोखर किनारे झोले से छह सुतली बम बरामद, क्षेत्र में दहशत
रक्सौल।थाना क्षेत्र के नोनियाडीह पंचायत अंतर्गत महदेवा गांव में शुक्रवार की सुबह पोखर किनारे एक झोला से छह सुतली बम बरामद होने से इलाके में दहशत फैल गई। नेपाल सीमा से महज दो सौ मीटर की दूरी पर बम मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में भी खलबली मच गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह शौच के लिए पोखर की ओर गए एक युवक की नजर झोले पर पड़ी। उसे संदेह होने पर जब झोला खोला गया तो उसमें सुतली बम जैसा दिखाई दिया। इसकी सूचना तुरंत ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, महदेवा एसएसबी टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। बम की प्रकृति की पुष्टि के लिए एसएसबी डॉग स्क्वायड को बुलाया गया, जिसमें झोले में सुतली आधारित विस्फोटक होने की पुष्टि हुई।
गौरतलब है कि चार दिन पहले ही महदेवा गांव में संजय सिंह के घर चोरी की घटना सामने आई थी। इससे पहले वर्ष 2023 में भी इसी क्षेत्र से बम बरामद किया जा चुका है।
मौके पर एसआई रवि कुमार, नकरदेई ओपी प्रभारी भरत कुमार, एसएसबी महदेवा के इंस्पेक्टर उत्तम कुमार सहित कई जवान मौजूद रहे। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

