रक्सौल-घोड़ासहन नहर में गिरी थार,पत्रकार की हुई मौत,चार गंभीर
पूर्वी चंपारण। जिले के रक्सौल-घोड़ासहन नहर कैनाल रोड पर त्रिलोकीनाथ मंदिर के समीप बुधवार की देर रात एक थार बेकाबू होकर नहर में गिर गई।जिसमे थार सवार एक पत्रकार की मौत हो गई। जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय थार में लगभग पांच यात्री सवार थे। बताया गया कि थार काफी तेज रफ्तार में थी,जिस कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और थार सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगो ने फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला।घटना की सूचना पर मौके पहुंची रक्सौल पुलिस बचाव कार्य शुरू किया और ग्रामीणों की मदद से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए एसआरपी अस्पताल भेजा।
जहां डॉक्टर ने रामगढ़वा के शिक्षक सह दैनिक भास्कर के पत्रकार रैयाज आलम उर्फ लड्डू को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।घायलों की पहचान रामगढ़वा निवासी राजकुमार गुप्ता, कुणाल गुप्ता, दिलीप कुमार (चालक) और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।मृतक रेयाज आलम के परिजनो ने बताया कि रेयाज अपने अन्य चार दोस्तों के साथ थार में सवार होकर एक शादी में शामिल होने गए हुए थे। लौटते समय रक्सौल के त्रिलोकीनाथ मंदिर के पास थार रेलिंग तोड़ कर नहर में जा गिरी।घटना के बाद मृतक के परिजन सहित पूरे रामगढवा क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

