भारत को मिली कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी, अहमदाबाद में होगा आयोजन

भारत को मिली कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी, अहमदाबाद में होगा आयोजन
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी मिल गई है। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स जनरल असेंबली में भारत की बोली को औपचारिक मंजूरी दी गई।गुजरात के अहमदाबाद में ये खेल कराए जाएंगे।

यह भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि भारत दूसरी बार इस वैश्विक खेल का आयोजन करेगा। इससे पहले 2010 में नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स का सफल आयोजन हुआ था।

कॉमनवेल्थ स्पोर्ट ने बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया कि अहमदाबाद को 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों का मेजबान घोषित किए जाने के कुछ ही क्षण बाद असेंबली हॉल में 20 गरबा डांसर और 30 ढोल वादक पहुंचे और वहां उपस्थित अन्य देशों के प्रतिनिधियों को सांस्कृतिक प्रदर्शन से आश्चर्यचकित कर दिया। इससे उन्हें उस विरासत और गौरव का एहसास हुआ, जिसकी उम्मीद खिलाड़ी और प्रशंसक भारतीय राज्य गुजरात में आयोजित खेलों से कर सकते हैं।

कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डॉ. डोनाल्ड रुकारे ने कहा कि यह कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के लिए एक नए स्वर्ण युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि भारत अपने साथ विशालता, युवा शक्ति, महत्वाकांक्षा, समृद्ध संस्कृति, अपार खेल जुनून और प्रासंगिकता लेकर आता है।

कॉमनवेल्थ गेम्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने कहा कि कॉमनवेल्थ स्पोर्ट द्वारा दिखाए गए विश्वास से हम बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं। 2030 के खेल न केवल राष्ट्रमंडल आंदोलन के सौ साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे, बल्कि अगली शताब्दी की नींव भी रखेंगे। यह एथलीटों, समुदायों और संस्कृतियों को मित्रता और प्रगति की भावना से एक साथ लाएगा।

अहमदाबाद में मजबूत खेल इंफ्रास्ट्रक्चर

अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहले से दुनिया की पहचान बना चुका है। नए 6 हाई-टेक स्टेडियम भी अब इसके आसपास तैयार किए जाएंगे। 215 एकड़ में सरदार पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव का निर्माण भी तेजी से चल रहा है, जिसमें इंडोर-आउटडोर खेल के आधुनिक एरेना होंगे। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि खेल का पूरा खर्च प्रशासन उठाएगा, ताकि खेल आयोजन में कोई कमी न रहे। यह आयोजन न केवल खेलों को बढ़ावा देगा, बल्कि रोजगार, पर्यटन और शहर की अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी नई ऊंचाई देगा। कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के साथ अहमदाबाद अब भारत का नया खेल शहर, आधुनिक विकास और सांस्कृतिक ऊर्जा के संगम के रूप में उभरेगा। यह आयोजन भारत की खेल ताकत और गुजरात की मेहमान नवाजी का दुनिया के सामने बड़ा मंच बनेगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page