घोड़े के हमले में नगर परिषद कर्मी गंभीर रूप से घायल
-आवारा पशुओं पर नियंत्रण की उठी मांग
रक्सौल। नगर परिषद क्षेत्र में आवारा पशुओं का आतंक मंगलवार को उस समय फिर सामने आ गया, जब स्टेशन रोड स्थित गंडक विभाग के कार्यालय के सामने एक घोड़े ने नगर परिषद में कार्यरत कर्मी पर अचानक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार नगर परिषद के सामान्य प्रखंड विभाग में सहायक पद पर कार्यरत दिव्यांग कर्मी शांति प्रकाश रोज की तरह ट्राई साइकिल से कार्यालय जा रहे थे, तभी सड़क पर घूम रहे घोड़े ने उन पर झपट कर हाथ में बुरी तरह काट लिया।
हमले के बाद घायल शांति प्रकाश दर्द और खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद आसपास के लोगों ने शोर मचा कर किसी तरह उन्हें घोड़े से बचाया और तत्काल स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहाँ गहन चिकित्सा इकाई में उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है, वहीं लोगों में आक्रोश है कि नगर परिषद क्षेत्र के 25 वार्डों में आवारा पशुओं की गिरफ्तारी और नियंत्रण की व्यवस्था ठप पड़ने से आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से सड़क पर घूम रहे आवारा गाय, कुत्ते, घोड़े और सांडों को तत्काल पकड़ने तथा इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

