उत्तरी छपरा बहास पंचायत भवन स्थल चयन को लेकर विवाद तेज
-एडीएम ने विवादित स्थल का निरीक्षण किया
ग्रामीणों ने कैथवलिया में पंचायत सरकार भवन निर्माण की रखी मांग
सुगौली। प्रखंड के उत्तरी छपरा बहास पंचायत में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन के स्थल चयन को लेकर मामला तूल पकड़ लिया है। स्थल विवाद को लेकर जांच करने पहुंचे एडीएम के समक्ष ग्रामीणों ने जम कर नारे बाजी की। मंगलवार को जांच करने पहुंचे जिला अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा ने अंचलाधिकारी कुंदन कुमार के साथ स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने कैथवलिया स्थित पुराने पंचायत भवन परिसर में ही नया भवन निर्माण की मांग दोहराई। ग्रामीणों का कहना है कि 1995 में पंचायत विभाजन के बाद कैथवलिया को ही आधिकारिक पंचायत मुख्यालय घोषित किया गया था और यहीं वर्षों से सभी सरकारी बैठकें, राष्ट्रीय कार्यक्रम और आम सभा आयोजित होती रही है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि 1 अक्टूबर को भवानीपुर गांव के सुनसान और जलजमाव वाले क्षेत्र में बिना पंचायत बैठक और आम सभा की स्वीकृति के शिलान्यास कर दिया गया, जबकि वह इलाका आबादी से दूर और आवागमन की सुविधा से वंचित है। एडीएम श्री सिन्हा ने कहा कि विवाद से जुड़ी पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। उनके आदेश के आलोक मेें कदम उठाए जायेंगे।

