बनकटवा के सभी पैक्सो में शुरू हुई धान की खरीदी, किसानों में हर्ष
बनकटवा। प्रखंड में नवम्बर महीने में सरकारी स्तर से धान की खरीद शुरू हो गई है। वर्तमान समय मे प्रखंड क्षेत्र के सभी पैक्सों में धान खरीद आरम्भ हुआ है। समय पर धान की खरीद आरंभ होने से इस वर्ष किसानों को इसका लाभ मिलेगा। दरअसल अन्य वर्ष अक्टूबर महीने में धान की खरीदारी शुरू होती थी और इस समय तक अधिकांश किसान अपना धान बाजार में बेंच देते थे, जिस वजह से किसान इस लाभ से अछूते रह जाते थे। सहकारिता पदाधिकारी समीर कुमार ने बताया कि इस वर्ष सरकारी स्तर से धान की कीमत 2389 रुपया प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि धान अधिप्राप्ति केंद्र या पैक्स के माध्यम से धान बेचने वाले किसानों को 48 से 72 घंटे के अंदर भुगतान कर दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि किसान भी इस वर्ष सरकारी क्रय केंद्रों में धान बेचने में रुचि दिखा रहे हैं। धान में ज्यादा नमी नहीं हो इसका ख्याल रखेगी, पैक्स साथ ही पैक्स अध्यक्ष धान खरीदते समय ध्यान रखेंगे कि धान से कम से कम 68 प्रतिशत चावल कि मात्रा हो। वहीं सिकरहना एसडीओ साकेत कुमार ने बताया कि किसानों को सरकारी योजना का लाभ मिले इसको लेकर सभी प्रखंडों में पैनी नजर बनाये हुए हैं। जिन किसानों को किसी भी तरह की परेशानी हो वह सीधा संपर्क करें। किसानों के साथ किसी तरह की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

