सांसद एवं विधायक प्रमोद सिन्हा का भव्य स्वागत
– जीत की खुशी पर जनसैलाब
रक्सौल। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद सोमवार को भेलाही बाजार में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा बाजार भाजपा के झंडों, नारों और उत्साहपूर्ण माहौल से सराबोर रहा। जिला महामंत्री सह पूर्व मुखिया अजय पटेल के नेतृत्व में आयोजित विशाल अभिनंदन एवं धन्यवाद सभा में लोगों की भीड़ देखते ही बन रही थी।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिमी चम्पारण के सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जयसवाल तथा स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया, जिसके बाद सभा स्थल तालियों और जयघोष से गूंज उठा। नेताओं के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश के बीच जोरदार नारेबाजी की। मंच से संबोधित करते हुए सांसद और विधायक ने कहा कि यह जीत जनता के भरोसे, संगठन की मजबूती और सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का परिणाम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं को और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। मौके पर सुरेश यादव, प्रदीप सर्राफ, लालबाबू सिंह, मृत्युंजय सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

