मोतिहारी शहर के पश्चिमी गोपालपुर में छेड़खानी का विरोध पर युवक को चाकू गोदा
– घायल युवक की स्थिति चिंताजनक, आरोपी गिरफ्तार
– घायल युवक की मां ने दर्ज कराई प्राथमिकी
मोतिहारी। नगर थाना क्षेत्र के पश्चिमी गोपालपुर मुहल्ला में एक युवक को चाकू गोंद कर घायल कर दिया गया है। उक्त युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद आनन-फानन में परिजनों ने युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहा उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उसके हालत को देखकर चिकित्सकों ने युवक को रेफर कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।
पकड़ा गया बदमाश आशु उर्फ गुलगुल है। मामले में घायल युवक 21 वर्षीय गौतम कुमार की मां रीता देवी ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया है कि उसका बेटा व उसकी पत्नी सुनिता देवी एक स्कूल के समीप चापाकल पर पानी लाने गए थे। रास्ते में पड़ोसी आशु उर्फ गुलगुल चाकू लिए खड़ा था। उसने पानी लाने गई बहु सुनीता का दुपट्टा खींच लिया। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करने लगा। तत्पश्चात दोनों वापस आ गए। इसके बाद युवक उसके घर पर आ धमका और गौतम से उलझ गया। उसने उसे खींचकर बाहर ले गया और ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने गौतम के पेट, पीठ, गर्दन व मुंह पर चाकू से वार किया, नतीजतन वह बुरी से जख्मी हो गया। खून से लथपथ वह जमीन पर गिर पड़ा और अचेत ही गया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक को रेफर कर दिया। घायल युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।

