डोंगा पूजन के साथ सुगौली चीनी मिल में गन्ना पेराई हुआ शुरू
-गन्ना किसानों में खुशी की लहर
– 50 लाख क्विंटल गन्न पेराई का लक्ष्य : महाप्रबंधक
-किसानों को 14 दिनों के अंदर भुगतान की घोषणा
पूर्वी चंपारण। जिले के सुगौली एचबीएल इंटेग्रेटेड इकाई सुगौली चीनी मिल में डोंगा पूजन विधिवत तरीके से शुक्रवार को हुआ। वहीं इसी के साथ इस वर्ष का पेराई सत्र की शुरुआत हो गई। समारोह में मौके पर मुख्य अतिथि सदर एसडीएम स्वेता भारती ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ किया। इससे पहले मिल परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पुजारी अनिल मिश्रा और यजमान केन मैनेजर अजय तिवारी के द्वारा पूजा सम्पन्न कराया गया। डोंगा पूजा में फैक्ट्री के अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
कार्यक्रम में एचबीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमर कुमार, महाप्रबंधक रमेश चंद्र शुक्ला, गन्ना प्रबंधक अजय तिवारी, मुख्य अभियंता हरिओम द्विवेदी सहित अन्य मिल अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे। मिल प्रबंधन के द्वारा आये अतिथियों का स्वागत किया गया और सफल पेराई सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं गई। पेराई सत्र शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। किसानों को समय पर गन्ना उपलब्ध कराने के लिए मिल प्रबंधन द्वारा पहले से हीं चालान निर्गत कर दिए गया है। इस वर्ष सुगौली चीनी मिल क्षेत्र में कुल 26 हजार एकड़ रकबा सर्वेक्षित किया गया है। जिससे लगभग 50 लाख क्विंटल गन्ना के उत्पादन होने का अनुमान है। मिल प्रबंधन के द्वारा बताया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी गन्ना आपूर्ति के 14 दिनों के भीतर किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान किया जाएगा। पेराई सत्र को औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है और किसानों के बीच गन्ना खरीद के चालान निर्गत कर दिए गए हैं।

