कार की टक्कर से साइकिल सवार बच्ची की मौत

कार की टक्कर से साइकिल सवार बच्ची की मौत
Facebook WhatsApp

-रोड क्रॉस करते समय हादसा, राशन लेने गई थी

मोतिहारी। जिले के पिपरा कोठी थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से साइकिल सवार 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान बथना निवासी बच्चा लाल महतो की बड़ी बेटी माला कुमारी के रूप में हुई है। घटना मठ बनवारी के पास हुई, जब माला साइकिल से राशन लेकर सड़क पार कर रही थी। एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

परिजनों ने बताया कि माला परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी और घर के कामों में अपनी मां की मदद करती थी। उसके पिता बाहर रहते हैं, इसलिए वह घर की कई जिम्मेदारियां भी संभालती थी। माला के चाचा बीर बहादुर महतो ने बताया कि वह रोज की तरह राशन लेने गई थी। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लग गया। आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना करने वाले वाहन को पकड़ लिया। लेकिन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पिपरा कोठी थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page