पूर्वी चम्पारण में रिकार्ड मतदान, 71 प्रतिशत मतदाताओं ने निभाई अपनी भागीदारी
-12 विधानसभा के 95 प्रत्याशियों का किस्मत ईवीएम में कैद
-मैदान में उतरे गठबंधनो सहित जनसुराज प्रत्याशियों के अतिरिक्त चंद निर्दलीय की धड़कने तेज
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के मतदाताओं ने दुसरे चरण में संपन्न हुए चुनाव में अपना फैसला ईवीएम में कैद कर दिया। इसी के साथ ही प्रत्याशियों की धड़कने तेज हो गई है। अब सभी वोटो की गुणा-भाग में जुट गये है। जबकि प्रत्याशियों के समर्थक भी अपनी उम्मीदवार के जीत का दावा करने लगे है। सभी 12 विधानसभा क्षेत्रों के 95 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आनेवाले 14 नवंबर को मतगणना के बाद हो जायेगा।

जिले के मतदाताओं ने पिछले 2020 के विधानसभा चुनाव में मतदान का रिकाॅर्ड तोड़ दिया है। जो लोगों को चकित कर रहा है। 2020 के विधानसभा चुनाव में जिले में औसत 60.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। लेकिन इस बार दोपहर 3 बजे तक ही 61.92 प्रतिशत मतदान हो गया। शाम 6 बजे जिले में औसत मतदान 71 प्रतिशत रहा। जाहिर है कि यह रिकाॅर्ड मतदान ने कई प्रत्याशियों की नींद उडा दी है। जिला प्रशासन रिकाॅर्ड मतदान से उत्साहित है।

सबसे अधिक नरकटिया विधान सभा में मतदान हुआ। जबकि चिरैया विधानसभा में सबसे कम मतदान हुआ। डीएम सौरभ जोरवाल व एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान संपन्न हो गया। कहा कि पिछले बार की अपेक्षा इस बार वोटिंग का प्रतिशत काफी बढा। वोटिंग में महिलाओं ने बढ-चढकर हिस्सा लिया। वहीं युवा वोटरो का भी मतदान का प्रतिशत बढाने में अहम योगदान रहा।
बताया जाता है कि चुनाव आयोग की ओर से मतदान का समय एक घंटा बढाए जाने से मतदाताओं को भरपूर फायदा मिला। जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। दीगर है कि फर्जी मतदान करने के आरोप में विभिन्न विस क्षेत्रों से 21 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसमें चार महिलाएं भी शामिल है।
इधर, डीएम-एसपी ने शहर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न बूथों का जायजा लिया। वहीं चंपारण रेंज के डीआईजी हरिकिशोर सिंह ने भी अरेराज, हरसिद्धि, मोतिहारी, सुगौली, नरकटिया समेत कई विधानसभा में दर्जनों बूथ का मुआयना किया। जानकारी के अनुसार 20 से अधिक बूथों पर वीवीपैट-ईवीएम खराब होने पर बदला गया।

