पूर्वी चंपारण जिले के सभी विधानसभा में शांतिपूर्ण हुआ मतदान
चिरैया विधानसभा के पताही प्रखंड में चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न, कौन जीतेगा कहना मुश्किल
पूर्वी चंपारण। जिले के चिरैया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पताही प्रखंड में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। वोटिंग के दौरान कई बूथों पर लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे यह स्पष्ट है कि जनता इस बार परिवर्तन और विकास के मुद्दे पर मतदान कर रही है। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थक भी अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा कर रहे हैं। हालांकि, किस उम्मीदवार के पक्ष में जनता का झुकाव अधिक है, यह कहना अभी मुश्किल है। सभी प्रमुख दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिससे यह अनुमान लगाना कठिन हो गया है कि चिरैया विधानसभा की बाजी आखिर कौन मारेगा।
गोविंदगंज विधानसभा में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न
गोविन्दगंज विधानसभा क्षेत्र में चुनाव सभी बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गया। महिला एवं पुरुष मतदाता एक-एक कर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक बूथ पर पुलिस बल और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई थी। मतदान कर्मियों ने भी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभाई। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। कई बूथों पर महिला मतदाताओं की लंबी कतारें सुबह से ही देखी गईं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार मतदान का प्रतिशत संतोषजनक रहा।

रक्सौल में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न
-महिलाओं और युवाओं में दिखा उत्साह
10 रक्सौल विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सिसवा, मुसहरवा, पुरन्दरा, पंटोका, पुन्दरा, हरैया, आर्य समाज रोड, हजारीमल हाई स्कूल सहित ग्रामीण व शहरी इलाकों के सभी बूथों पर महिला, पुरुष, बुजुर्गों और युवाओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान केंद्रों पर कतारबद्ध मतदाताओं में विशेषकर महिलाओं की संख्या उत्साहपूर्ण दिखा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखी। सीमा क्षेत्र में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुसहरवा बॉर्डर और रक्सौल के मैत्री पुल पर एसएसबी के जवानों के साथ बिहार पुलिस बल की संयुक्त तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक तत्वो को सीमा पार से प्रवेश न मिल सके।

पहली बार मतदान करने वाली युवतियों में खासे उत्साह देखा गया। राजकीय मध्य विद्यालय टुमरिया टोला स्थित बूथ संख्या 29, 30, 31, 32 और 33 पर पहली बार मतदान करने पहुंची सैरा खातून ने कहा कि मैं रोजगार तथा विकास के नाम पर वोट की हूं।” बूथों पर मतदानकर्मियों ने मतदाताओं को सुचारू रूप से मतदान कराने में सहयोग दिया।
कड़ी सुरक्षा के बीच कल्याणपुर विधानसभा चुनाव संपन्न
कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। सुबह सात बजे से मतदाता अपने मतो का प्रयोग के लिए बूथों पर कतार में खड़े दिखे। अलबत्ता कुछ समय के लिए मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। पुनः दोपहर के बाद घर से निकले मतदानओ की कतार केंद्रों पर देखने को मिली। जबकि फिर से एक बार महिलाओं में मतदान के प्रति उत्सुकता दिखी। युवा भी अपने मतदान करने के प्रति पीछे नही रहे। सबसे बड़ी बात रही कि वृद्व को मतदान कराने प्रति पुलिस काफी तत्पर

दिखी।
–मतदाताओं की चुप्पी से जीत-हार का आंकलन बेमानी
इस वर्ष यहां का चुनाव बहुत ही रोचक साबित होगा। मतदाता वोटिंग तो किए, लेकिन चुप्पी साध लिए। फलस्वरूप उनकी चुप्पी से प्रत्याशी की जीत-हाल की कल्पना आसान नहीं है। अलबत्ताा प्रत्याशी के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी के जीत का दावा कर रहे हैं। ऐसे में 14 नवंबर को ही जाना जायेगा, इस बार यहां से किसकी जीत होती है।विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न
नरकटिया विधानसभा अंतर्गत प्रखंड क्षेत्र में बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हो गया।प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ श्याम कुमार ने बताया कि बनकटवा प्रखंड के कुल 96 मतदान केंद्रों पर मतदाताओ ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लोगो ने सुबह से ही मतदाताओं मे काफी उत्साह देखा गया सभी बूथों पर हर्षोल्लास के साथ महिला, पुरुष, और युवाओं ने बढ़ चढ़ हिस्सा लिया वही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस बल सभी बूथों का जायेजा लेते रहे नरकटिया विधानसभा ने शाम पांच बजे तक 72 प्रतिशत और ढाका मे 70 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान को लेकर काफी उत्साह देखा गया।
शांतिपूर्ण मतदान, सुबह से दिखी मतदाताओं की उत्साहपूर्ण भीड़
सुगौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मंगलवार की सुबह मतदान का आगाज शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जाने के कारण मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मतदान कर्मियों की सुचारू व्यवस्था और सुरक्षा बलों की सक्रिय तैनाती ने पूरे वातावरण को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखा।
अपराह्न 7 बजे मतदान शुरू होते ही लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा। सुबह 11ः 20 बजे तक क्षेत्र में लगभग 30 से 35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार बूथ संख्या 237 पर कुल 709 मतदाताओं में से 204 ने मतदान किया। बूथ संख्या 238 पर 1135 मतदाताओं में 245 लोगों ने वोट डाले। इसी तरह बूथ संख्या 289 पर 1131 मतदाताओं में 280 वोट पड़े।
सुगौली प्रखंड के अन्य बूथों में भी मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। बूथ संख्या 216 पर कुल 903 में 335 मतदाताओं ने हिस्सा लिया, जबकि बूथ संख्या 317 पर 1017 में से 380 लोगों ने मतदान किया। बूथ संख्या 318 पर 767 मतदाताओं में 335 वोट पड़े। सभी केंद्रों से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे मतदान कर्मियों और सुरक्षा तंत्र की मुस्तैदी साफ झलकी। मतदाताओं ने कहा कि व्यवस्था पूर्व की तुलना में बेहतर रही और मतदान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। मतदाता राजन तिवारी, शत्रुघन प्रसाद, रूपेश कुमार, छोटन कुमार और शकुंतला देवी ने बताया कि शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कर वे काफी संतुष्ट हैं।
मोतिहारी विधानसभा के पीपराकोठी के 58 मतदान केंद्रों शांतिपूर्ण मतदान
– एक मतदान केंद्र पर बदला गया वीवीपैट
मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र के 58 मतदान केंद्र वाले पीपराकोठी प्रखंड में सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिली। सभी यह कहते देखे गए कि पहले मतदान फिर जलपान। सभी पंचायतों के प्रत्येक मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। कहीं से कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं है। वहीं मतदान केंद्र संख्या 326 उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुर्दाचक पर आधा घंटा देर से मतदान आरंभ हुआ। जहां वीवीपैट में कुछ त्रृटि आ गई। जिसे शीघ्र ही ठीक कर लिया गया। मतदाताओं में मतदान के प्रति उत्साह देखा गया। प्रखंड के छह पंचायतों में कुल 48425 मतदाता हैं। जिसमें महिलाओं की संख्या 22,605 और पुरुष मतदाता 25,819 हैं। इस सूची में तृतीय श्रेणी के एक मतदाता भी शामिल हैं।
संग्रामपुर में नये मतदाताओं ने शिक्षा व रोजगार पर किया मतदान
केसरिया विधानसभा के संग्रामपुर प्रखण्ड के उत्तरी बरियरिया पंचायत में बूथ संख्या 39 पर पहली बार वंदना कुमारी, मधुबनी बूथ संख्या 24 पर नैन्सी कुमारी, भटवलिया मतदान केंद्र संख्या 64 पर कोमल कुमारी ने मतदान किया। पहली बार मतदान करने के बाद युवाओं ने प्रसन्नता जाहिर किया। कहा कि बिहार से पलायन रोकने,रोजगार,शिक्षा और विकास के लिए मतदान किया है।सुबह से ही मतदान केंद्रों पर कतारों में महिलायें लंबी लम्बी लाइन लगाकर पूरे उत्साह से खड़ी हो गईं थीं।पुरुषों की अपेक्षा महिला वोटर्स में उत्साह दिखा। मतदान करने में वृद्ध भी पीछे नहीं रहे। दुबे टोला मधुबनी राजकीय मध्य विद्यालय में 98 वर्षीय शशिकला देवी अपने बेटे और पोते का सहारा लेकर मतदान करने पहुंची। जहाँ आईटीबीपी के जवान ने सहारा देकर उनको व्हील चेयर पर मतदान केंद्र पर पहुंचाया। इसी तरह सौ वर्षीय वृद्ध सरयू साह भटवलिया पांडेय टोला मतदान केंद्र पर ई रिक्शा के सहारे वोट देने लाठी के सहारे पहुंचे। वाह पुलिस और सेना के जवानों ने सहारा दे कर मतदान केंद्र तक पहुंचे।
मतदाता सूची से कईयो का नाम गायब, मतदान से वंचित हुए कई लोग
प्रखंड के मधुबनी दुबे टोला में बूथ संख्या बारह पर कई मतदाता वोट देने पहुंचे लेकिन सूची से नाम गायब था।इसपर ग्रामीण मतदान केंद्र से बाहर आकर काफी आक्रोशित हो गए।ग्रामीण मुकेश दुबे,हरिंदर भगत,शशिकांत दुबे,अरुण यादव,सरोज देवी,रामेश्वर दुबे आदि ने बताया कि पिछले विधानसभा और पंचायत चुनाव में उन्होंने मतदान किया था। लेकिन इस बार उनका नाम मतदाता सूची से गायब है। यह काम जान बूझकर बीएलओ अलमान अंसारी के द्वारा किया गया है। एक न एक आदमी का नाम जरूर कट जाता है।पिछली बार भी एक आदमी का नाम काट दिया था। जिसकी शिकायत प्रखंड कार्यालय में की गई थी तो बीडीओ के सामने माफी मांग कर आगे गलती नहीं करने का आश्वासन दिया। लेकिन इस बार फिर से अधिक संख्या में लोगों का नाम काट दिया है।
केसरिया में 68 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया
केसरिया विधानसभा में बिहार विधानसभा की वोटिंग शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। यहां कांटे की टक्कर है, जबकि त्रिकोणीय मुकाबले में जनसुराज को भी कम नहीं आंका जा सकता है। इनके अलावा सात और भी प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। बहरहाल सबका भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। आगामी 14 नवंबर को किसकी ताजपोशी होगी, जाना जा सकेगा। निर्वाची पदाधिकारी सह डीडीसी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि केसरिया विधानसभा में कुल 68 प्रतिशत मतदान हुआ।

