दूसरे चरण के चुनाव को लेकर प्रचार थमा,प्रशासनिक तैयारी हुई पूरी
– चार लेयर में सुरक्षा इंतजाम, भारत-नेपाल सीमा सील: डीएम
– 15 कुख्यात बदमाशों को दूसरे जिले के जेलों में किया ट्रांसफर:एसपी
पूर्वी चंपारण। बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के दुसरे चरण के 11 नवंबर को होेने वाले मतदान को लेकर आज संध्या पांच बजे से चुनाव प्रचार थम गया। इस चुनाव को लेकर बीते 8 नवंबर से ही भारत नेपाल सीमा को सील कर दी गई है। दूसरे चरण में होने वाले मतदान को लेकर चार लेयर में सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 10 नवम्बर को मतदानकर्मी ईवीएम एवं मतदान सामग्री सहित बूथों पर पहुंच जायेंगे।
इस संबंध में रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं एसपी स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता में बताया कि प्रशासन भयमुक्त वातावरण में शांतिपूर्ण निष्पक्ष मतदान के लिए संकल्पित है। इसमें खलल डालने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। अधिकारी द्वय ने कहा कि सभी मतदाता निर्भीक होकर मतदान में अपनी भागीदारी निभाएं, प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है।
– 1905 भवनों में 4095 बूथ बनें
जिले के 12 विधानसभा क्षेत्रो में कुल 4095 मतदान केन्द्र है। जिले के 1905 भवनो में बूथ बनाये गये हैं। इनमें 130 महिला बूथ भी शामिल है। जरूरतमंद बूथों पर दिब्यांगो के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई। इस बार पहली बार एक साथ सभी बूथो की लाईव माॅनेटरिंग विशेष तरह के सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से की जायेगी। कैमरा बिल्कुल साउंड युक्त है। मतदान केन्द्र के अंदर एवं बाहर तक की भीड़ को बनाये गये कोषांग सहित अधिकारियो के मोबाईल पर भी देखा एवं आवाज सुनी जा सकेगी। इसके अतिरिक्त सभी वाहनो में जीपीएस लगाया गया है, ताकि उनका लोकेशन भी लगातार मिलता रहेगा। कुल 34,42,266 मतदाता 12 विधानसभाओं के लिए वोटिंग करेंगे। फलस्वरूप हर तरह के प्रबंध किए गये है।
–मोबाइल होल्डर की व्यवस्था
मतदाता मतदान केन्द्रो तक मोबाईल फोन लेकर जा सकेंगे। उनको बूथ प्रांगण में ही मोबाइल होल्डर की सुविधा मिलेगी, जहां मतदान कक्ष में जाने के पूर्व जमा करना होगा।
– सभी बूथों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती
सभी बूथो पर अर्धसैनिक बलो के साथ ही अतिरिक्त बलो की तैनाती की गई है। पोलिंग पार्टी के अलावें माईक्रो आब्र्जबर को लगाया गया है। जबकि पीठासीन पदाधिकारी मतदान की संख्या अपलोड करेंगे। कल सभी मतदानकर्मी ईवीएम लेकर मतदान केन्द्रो के लिए रवाना हो जायेंगे। शाम तक प्रतिनियुक्त कर्मी बूथ पर पहुंच जायेंगे।
– स्वीप आइकान नीतू चंद्रा का जागरूकता कार्यक्रम आज
स्वीप कार्यक्रम के तहत प्रसिद्ध कलाकार नीतू चन्द्रा सोमवार को 12 राजा बाजार स्थित गांधी प्रेक्षा गृह सहित रामगढ़वा में युवा मतदाताओं को जागरूक करेंगी।
– एमएस कालेज और डायट भवन में होगी मतगणना
इस बार वोटो की गिनती एमएस काॅलेज सहित छतौनी चौक स्थित डाॅयट भवन में किया जायेगा। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि मतदान में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दास्त नहीं की जायेगी। 21 हजार से अधिक अर्धसैनिक बल, पुलिस बलो को मतदान में लगाया गया है। जबकि 101 क्यूआरटी भ्रमणशील रहेगी। चार लेयर में पुलिस बलो की तैनाती की गई है। सभी जगहो पर बनाएं गये आवासन स्थलो पर अर्धसैनिक बल, एवं पुलिस बल पहुंच गये है। इसलिए कोई परेशानी नहीं होगी। 200 अपराधियों को खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई हुई है। जबकि 15 कुख्यात अपराधियों को जिला से दुसरे जिला के जेलो में भेज दिया गया है। इंडो-नेपाल बाॅर्डर पूरी तरह से सील है। स्ट्रांग रूम सहित मतगणना केन्द्र पर भी तीन लेयर में अर्धसैनिक बल सहित पुलिस बलो की तैनाती की जायेगी। प्रेस मीडिया को पास के आधार पर ही बूथो का निरीक्षण करना होगा। ईवीएम के पास उनका कैमरा या किसी भी तरह की ताक-झाक पर रोक रहेगी। बाहर पीठासीन अधिकारी से वे मतदान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होने जोर देकर कहा कि उपद्रव फैलाने वाले शांत हो जाये, अन्यथा पुलिस उनके विरूद्ध कठोर कार्रवाई करेगी।

