आज शाम थम जायेगा,दूसरे चरण के चुनाव प्रचार प्रसार का शोर
पटना।बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर दिया गया है। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। दूसरे चरण के मतदान के लिए केंद्रीय बलों की 1650 कंपनियां और बिहार पुलिस के करीब चार लाख जवान तैनात किए गए हैं। पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय बलों के साथ स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू करदिया है।
वाहनों की चेकिंग के साथ साथ फरार चल रहे कुख्यात अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिया है कि वे केंद्रीय बलों के साथ मिलकर छापेमारी अभियान तेज करें। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को एसपी और आला अधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक भी की गई। पुलिस मुख्यालय में
दूसरे चरण की मॉनिटरिंग के लिए विशेष टीम तैनात की गई है।
डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि चुनाव के पहले और मतदान के दौरान जो भी व्यक्ति गड़बड़ी करेगा, उसे तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर के जिलों को करीब 3,000 अपराधियों की सूची भेजी है। चुनाव की घोषणा के बाद से पुलिस ने राज्यभर में ‘ऑपरेशन क्लीन’ चलाकर फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए आपरेशन ‘जखीरा’ भी चलाया जा रहा है।

