बिहार तय कर चुका है बदलाव,11 नवंबर को भाजपा होगी नौ दो ग्यारह: आखिलेश यादव
पूर्णिया। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को धमदाहा में महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी संतोष कुशवाहा के समर्थन में चुनावी सभा कर एनडीए पर तीखा प्रहार किया।अखिलेश ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव के मूड में है और 11 नवंबर का मतदान एनडीए सरकार के अंत की शुरुआत साबित होगा।
सभा में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने व्यंग्य भरे लहज़े में कहा, “इस बार बिहार में एक और एक मिलकर ग्यारह होगा, और भाजपा नौ दो ग्यारह।” उन्होंने कहा कि जनता 30 साल के शासन का हिसाब मांगने निकली है – 20 साल बिहार में और 10 साल दिल्ली में, लेकिन आम आदमी की जेब खाली है और नौजवान बेरोज़गार।
अखिलेश यादव ने कहा कि एनडीए सरकार ने महंगाई, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया। उन्होंने मज़ाकिया ढंग से कहा, “सरकार की मुनाफाखोरी इतनी बढ़ गई है कि बिहार में अब पारले-जी बिस्किट भी छोटा हो गया है, क्योंकि हर चीज़ में चोरी हो रही है।”किसानों की हालत पर चिंता जताते हुए अखिलेश ने कहा कि “बिहार की उपजाऊ मिट्टी में इतना दम है कि यहाँ का किसान पूरे देश का पेट भर सकता है, लेकिन एनडीए सरकार ने उद्योगों को जानबूझकर बिहार से बाहर भेज दिया ताकि यहाँ का नौजवान आगे न बढ़ सके।”
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “यह चुनाव सिर्फ वोट का नहीं, बल्कि राशन और अधिकार बचाने का चुनाव है।” अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी अपनी “सी टीम” के रूप में चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही है और सत्ता के दुरुपयोग से लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है।

