सत्ता नहीं बिहार का विकास और जनता की सेवा ही मेरा उद्देश्य:नीतीश कुमार
-छौड़ादानो और पहाड़पुर में चुनावी सभाओं को संबोधित कर एनडीए के पक्ष में मांगे वोट
पूर्वी चंपारण। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को जिले के नरकटिया विधानसभा के छौड़ादानो व गोविंदगंज विधानसभा क्षेत्र के पहाड़पुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। छौड़ादानो में उन्होने नरकटिया से जदयू प्रत्याशी विशाल शाह व पहाड़पुर में गोविंदगंज से एलजेपी(रामविलास) के प्रत्याशी राजू तिवारी के पक्ष में लोगो वोट करने की अपील की। दोनों जगहों पर श्री कुमार ने बिहार के विकास और सुशासन पर चर्चा की। उन्होंने लोगों को राज्य में ‘जंगलराज’ के दौर की याद दिलाई। नीतीश कुमार ने कहा, “आप लोगों को याद है, 20 साल पहले बिहार की क्या स्थिति थी? हर तरफ मारकाट, गुंडागर्दी, अपराध और भय का माहौल था। शाम पांच बजे के बाद लोग घर से बाहर निकलने से डरते थे।
बीते 20 वर्षों में एनडीए सरकार ने बिहार को भय, भ्रष्टाचार और अपराध से मुक्त कर विकास की राह पर आगे बढ़ाया है। उन्होने बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों को 1100 रुपए की पेंशन और महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा तथा रोजगार के क्षेत्र में उठाए गए कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने ने जनता से अपील किया कि वे एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाकर राज्य में विकास की गति को बनाए रखें। उनके शासन में हिंदू-मुस्लिम के बीच कोई झगड़ा नहीं हुआ।
कहा कि उनका उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि बिहार का विकास और जनता की सेवा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता सुशासन और विकास के लिए एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताएगी। जनसभा में उपस्थित भीड़ ने मुख्यमंत्री की बातों का समर्थन करते हुए एनडीए के समर्थन में नारे लगाए।

