एनडीए की सरकार ने युवाओं का पलायन और बेरोजगारी रोकने के लिए कुछ नहीं किया : प्रियंका
बिहार में चारों तरफ व्याप्त है घूसखोरी
अपने भाषणों से जनता को गुमराह करते हैं पीएम मोदी
मोतिहारी/मधुबनी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को मधुबनी और मोतिहारी में महागठबंधन के उम्मीदारों के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार से नौजवानों के पलायन को रोकने के लिए एनडीए की सरकार ने कुछ नहीं किया। श्रीमती वाड्रा ने गुरुवार को मधुबनी जिले के बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित
करते हुए कहा कि मंच से बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने और झूठे वादे करने से बिहार के नौजवानों का पलायन नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों की असफल एनडीए सरकार मंच से बड़ी-बड़ी बातें कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंच से अपने भाषणों में जनता को गुमराह करते है। कांग्रेस की महासचिव ने कहा कि पलायन एक पीड़ा है जिसे कोई भी स्वेच्छा से स्वीकार नहीं करता है। उन्होंने कहा कि बिहार के बच्चे घर छोड़ कर बाहर चले जाते हैं। एक ही कमरे में कई बच्चे रह कर नौकरी करते हैं और बमुश्किल कुछ पैसा बच जाये, तो उसे घर भेजते हैं। उन्होंने कहा कि पलायन की पीड़ा सिर्फ घर छोड़ने वाले नही भुगतते है, उनके पीछे अकेले रह गया परिवार भी एकांगी जीवन के साथ संघर्ष करता है। कांग्रेस की सांसद ने कहा कि बिहार के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है लेकिन यहां की सरकार ने लम्बे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उनके लिए रोजगार का प्रबंध नहीं किया। उन्होंने कहा कि बिहार में पढ़े लिखे नौजवानों को भी पेपरलीक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। श्रीमती वाड्रा ने कहा कि रोजगार के नाम पर यहां की महिलाओं को दस हजार भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि बीस साल तक सोई हुई सरकार ने अचानक चुनाव के समय पैसे भेजे। उन्होंने कहा कि बिहार में चारो तरफ प्रशासन में घूसखोरी व्याप्त है और यहां की सरकार भी घुस देकर लोगों के वोट लेना चाहती है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से कहा कि सरकार के दिये पैसे भी आपके ही हैं, उन्हें लेने में कोई परहेज मत करें, लेकिन मतदान सही प्रतिनिधि को अपने विवेक से करें।

