केसरिया-पिपरा विधानसभा में चुनाव तैयारियों का निर्वाचन प्रेक्षक ने लिया जायजा
-भयमुक्त वातावरण में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान का निर्देश
मोतिहारी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में निर्वाचन पर्यवेक्षक ने शनिवार को केसरिया एवं पिपरा विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण किया। उनके साथ संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, डीएसपी तथा थाना प्रभारी उपस्थित थे।
पर्यवेक्षक ने दोनों क्षेत्रों के चिन्हित हॉट स्पॉट्स एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केंद्रों की उपलब्ध सुविधाओं तथा निर्वाचन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान दिवस पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित किया जाए। पर्यवेक्षक ने यह भी कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए तथा मतदाताओं में विश्वास एवं निष्पक्षता का वातावरण बनाए रखे।

