जमीन खोदकर निकाला गया अज्ञात शव, इलाके में सनसनी
-श्मशान घाट के पास बदमाशों ने दफनाया
सुगौली। थाना क्षेत्र के फुलवरिया पंचायत स्थित बेगिया टोला श्मशान घाट के पास जमीन खोदकर शव बरामद किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
बताया जाता है कि गुप्त सूचना मिलने के बाद सुगौली थाना पुलिस,फॉरेंसिक टीम और राजस्व पदाधिकारी सह दंडाधिकारी राधेश्याम प्रसाद की मौजूदगी में चिह्नित स्थल को सुरक्षित किया गया। इसके बाद विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया।
जमीन के भीतर से शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, शव किसका है और उसे जमीन में किस परिस्थिति में दफनाया गया था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव की पहचान करने और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

