मॉक ड्रिल के जरिए विद्यार्थियों ने सीखे आपात स्थिति से निपटने के गुर

Facebook WhatsApp

मोतिहारी। आपदा कभी भी और कहीं भी दस्तक दे सकती है। ऐसे में समय रहते सतर्कता, सही जानकारी और त्वरित कार्रवाई किसी की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाती है। इसी उद्देश्य से मोतिहारी प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रुलही में आयोजित चार दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को व्यावहारिक मॉक ड्रिल के साथ सम्पन्न हुआ। सेल्सफोर्स के सहयोग से बाल रक्षा भारत (सेव द चिल्ड्रेन), जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, शिक्षा विभाग एवं अग्निशमन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा के दौरान स्वयं की सुरक्षा करने के साथ-साथ दूसरों की मदद करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। चार दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में अलग-अलग विषयों पर चरणबद्ध तरीके से जानकारी दी गई। पहले दिन अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण के तहत आग लगने के कारणों, आग से बचाव के उपायों, अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी गई। दूसरे दिन प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) और तीसरे दिन खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू) का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं अंतिम दिन इन तीनों विषयों पर आधारित व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

प्रशिक्षण की शुरुआत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्री-टेस्ट से हुई। इसके बाद विशेषज्ञों ने सैद्धांतिक जानकारी के साथ विभिन्न परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों को समझाया। प्रशिक्षण के समापन पर पोस्ट-टेस्ट के माध्यम से प्रतिभागियों की जानकारी और प्रशिक्षण से प्राप्त सीख का आकलन किया गया। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और महत्वपूर्ण हिस्सा व्यावहारिक प्रदर्शन एवं मॉक ड्रिल रहा। 

इसमें गैस सिलेंडर में कृत्रिम रूप से आग लगाकर उसे सुरक्षित तरीके से बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया गया। वहीं भूकंप जैसी आपदा की स्थिति का अभ्यास कराते हुए घायल बच्चों को सुरक्षित स्थान से निकालने, प्राथमिक उपचार देने और खोज एवं बचाव की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। बाढ़ जैसी आपात स्थिति को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया। विद्यालय परिसर एवं खुले मैदान में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को वास्तविक आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं से रू-ब-रू कराया गया। प्रशिक्षण में अग्निशमन विभाग की ओर से लीड फायरमैन पिंटू राय, मनोरंजन कुमार एवं सुमन कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं आपदा मित्र सुमंत कुमार एवं राजन कुमार ने प्रशिक्षण की कमान संभाली। बाल रक्षा भारत की ओर से हामिद रजा एवं सत्य प्रकाश ने कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान दिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजीत कुमार सहित शिक्षक नीतीश कुमार, अखिलेश कुमार, मनोज त्रिपाठी, दीपक कुमार, अन्नू प्रिया, अंजली, मनोज सिंह एवं विजय कुमार दास का सहयोग सराहनीय रहा।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page