मोतिहारी के गायघाट हाईस्कूल गेट पर आइसक्रीम खाते ही बीमार पड़े आधा दर्जन छात्र
-होंठ में जलन और खून निकलने की शिकायत, -ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने आइसक्रीम विक्रेता को पकड़ा
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के गायघाट हाईस्कूल के गेट के पास आइसक्रीम खाने से करीब आधा दर्जन छात्र बीमार पड़ गए। आइसक्रीम खाने के तुरंत बाद बच्चों के मुंह में जलन होने और होंठ आपस में चिपकने की शिकायत सामने आई। इसके बाद परिजन बीमार बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बीमार बच्चों में उज्जैनलोहियार गांव का सुमित कुमार भी शामिल है। उसने बताया कि कोटवा की बेस्ट चॉइस आइसक्रीम का ठेला लेकर एक व्यक्ति स्कूल के गेट के पास पहुंचा था। वहां से आइसक्रीम खरीदकर खाने के दौरान ही उसके मुंह में जलन होने लगी और दोनों होंठ आपस में चिपकने लगे। जब उसने किसी तरह आइसक्रीम को मुंह से बाहर निकाला, तो उसके होंठ से खून निकलने लगा। देखते ही देखते पांच-छह अन्य बच्चे भी बीमार पड़ गए।
बच्चों की हालत देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर हरसिद्धि थाना की गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस पदाधिकारी आइसक्रीम बेचने वाले व्यक्ति को पकड़कर थाने ले गए, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
– गलत केमिकल मिलाने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच आइसक्रीम में किसी गलत केमिकल के इस्तेमाल की चर्चा हो रही है। हालांकि, आइसक्रीम में किसी हानिकारक पदार्थ की मिलावट होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता से जांच कराने और आइसक्रीम फैक्ट्री के संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में हरसिद्धि थाना के अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आइसक्रीम विक्रेता से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही बच्चों के बीमार होने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

