मोतिहारी में जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, ट्रांसपोर्टर एवं पटाखा कारोबारी के यहां छापेमारी
-पटाखा व्यवसायी के यहां से 60 लाख का माल जब्त
– बिना इनवॉयस के लाखो लाख के सामान बरामद
मोतिहारी। शहर में जीएसटी विभाग ने कर अनुपालन और संभावित कर अपवंचना के मामलों की जांच को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। वाणिज्य-कर आयुक्त-सह-सचिव, बिहार, पटना के निर्देश पर जीएसटी विभाग, मोतिहारी और जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो, मुजफ्फरपुर की संयुक्त टीम ने शहर के गुदरी बाजार स्थित एक बड़े पटाखा व्यवसायी तथा अवधेश चौक स्तिथ एक ट्रांसपोर्टर के प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान पटाखा व्यवसायी के प्रतिष्ठान से करीब 60 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया है।
वहीं, ट्रांसपोर्टर के गोदाम में भंडारित कुछ माल के संबंध में इनवॉयस प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा कुछ दस्तावेजों में दर्ज विवरण और वास्तविक माल के बीच अंतर मिलने की बात सामने आई है। ट्रांसपोर्टर के यहां जांच की कार्रवाई अभी जारी है। विभागीय संयुक्त टीम ने पटाखा व्यवसायी के प्रतिष्ठान पर निरीक्षण की कार्रवाई पूरी कर ली है। निरीक्षण के दौरान लगभग 60 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया। अब प्रतिष्ठान से संबंधित अभिलेखों, खरीद-बिक्री के विवरण और उपलब्ध तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग यह सत्यापित कर रहा है कि प्रतिष्ठान में उपलब्ध माल से संबंधित दस्तावेज और कारोबारी अभिलेख नियमानुसार हैं या नहीं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर जीएसटी कानून के तहत आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीँ संयुक्त टीम ने शहर के एक ट्रांसपोर्टर के परिसर में भी निरीक्षण किया। यहां गोदाम में रखे माल के संबंध में प्रस्तुत इनवॉयस, ई-वे बिल, स्टॉक रजिस्टर और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान कुछ भंडारित माल के संबंध में इनवॉयस प्रस्तुत नहीं किए गए।
इसके अतिरिक्त, कुछ माल के दस्तावेजों में दर्ज विवरण का मौके पर उपलब्ध वास्तविक माल से मिलान और सत्यापन करने पर अंतर पाया गया। विभागीय अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि गोदाम में रखे माल का परिवहन और भंडारण किन दस्तावेजों के आधार पर किया गया था तथा उपलब्ध अभिलेखों में मिली विसंगतियों का वास्तविक कारण क्या है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कार्रवाई के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के खरीद-बिक्री विवरण, जीएसटी रिटर्न, कर भुगतान, स्टॉक तथा माल से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। विभागीय टीम उपलब्ध अभिलेखों का भौतिक रूप से मौजूद माल से मिलान कर रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कर संबंधी विसंगति की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निरीक्षण के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल ट्रांसपोर्टर के यहां जांच जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही अंतिम स्थिति सामने आएगी। राज्य-कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी), मोतिहारी संतोष कुमार ने बताया कि वाणिज्य-कर आयुक्त-सह-सचिव, बिहार, पटना के निर्देश पर विभाग द्वारा कर अनुपालन सुनिश्चित करने तथा कर अपवंचना की संभावनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नियमानुसार निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि पटाखा व्यवसायी के प्रतिष्ठान में निरीक्षण पूरा कर लिया गया है, जबकि ट्रांसपोर्टर के यहां जांच की प्रक्रिया जारी है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जीएसटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत सक्षम प्राधिकार द्वारा विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। राज्य-कर संयुक्त आयुक्त श्री कुमार ने सभी करदाताओं से स्वैच्छिक एवं समयबद्ध कर अनुपालन सुनिश्चित करने, वास्तविक कारोबार का सही लेखांकन करने तथा नियमानुसार देय कर का समय पर भुगतान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नियमों के अनुरूप कर भुगतान से राज्य के राजस्व में वृद्धि होती है। इससे बिहार के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में भी योगदान मिलता है।जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर के कारोबारी एवं परिवहन क्षेत्र में हलचल देखी जा रही है। हालांकि, दोनों प्रतिष्ठानों के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के मूल्यांकन के बाद ही सामने आएगा।

