डीएम ने की  महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के भू- अर्जन के  प्रगति की समीक्षा 

डीएम ने की  महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के भू- अर्जन के  प्रगति की समीक्षा 
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। जिलाधिकारी  सौरभ सुमन यादव के द्वारा समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भू-अर्जन से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक की गई। जिसमें जिला भू- अर्जन पदाधिकारी,अधियाची निकाय के प्रतिनिधि, संबंधित अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

 बैठक में रक्सौल हवाई अड्डा परियोजना, एन.एच. 139 डब्लू (साहेबगंज- अरेराज-बेतिया) परियोजना, गोरखपुर- सिलीगुड़ी और राम जानकी मार्ग परियोजना से संबंधित भू अर्जन के कार्य प्रगति समीक्षा की गई।   रक्सौल हवाई अड्डा परियोजना अंतर्गत कुल 06 मौजा में भूमि का अधिकरण कार्य किया जाना है, जिसमें से अंचल अधिकारी रक्सौल के द्वारा 373 अभिलेख जिला भू अर्जन कार्यालय को भेजा गया है। सभी 373 हितबद्ध रैयतों को 115.95 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया है। और 64 अभिलेख भुगतान हेतु तैयार किया गया है जिसका अनुमानित राशि 18.08 करोड़ रुपए है।

जिलाधिकारी के द्वारा शेष बचे 64 अभिलेख शीघ्र जिला भू-अर्जन कार्यालय भेजने के लिए अंचलाधिकारी रक्सौल को निर्देशित किया गया एवं अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल को इस कार्यक्रम की मॉनिटरिंग का करने को कहा गया। एन एच 139 डब्लू साहेबगंज-अरेराज-बेतिया परियोजना अंतर्गत पूर्वी चंपारण जिले के कुल पांच अंचलों के 47 राजस्व ग्रामों में 499.39 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। जिसमें भूमि की परियोजना लागत 391.93 करोड़ के विरुद्ध 753 हितबद्ध रैयतों को 82.50 करोड़ के मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया गया है।

उक्त परियोजना अंतर्गत केसरिया अंचल के 18 राजस्व ग्राम, संग्रामपुर अंतर्गत 10, हरसिद्धि अंतर्गत 06, अरेराज अंतर्गत 04 और पहाड़पुर अंचल अंतर्गत 07 राजस्व ग्राम में भूमि का  अधिग्रहण किया गया है। समीक्षा में पाया गया की बहुत ही कम संख्या में एलपीसी तैयार कर जिला भू- अर्जन कार्यालय को भेजा गया है। जिलाधिकारी के द्वारा इस परियोजना के सतत निगरानी के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को प्रत्येक संबंधित अंचल से प्रत्येक सप्ताह  50 अभिलेख तैयार करा कर जिला भू- अर्जन कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया।

वहीं  गोरखपुर-सिलीगुड़ी परियोजना के संबंध में जिला भू अर्जन पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि इस परियोजना की 3 ए प्रकाशन 28.04.2026 को हो गया है। अंचलों से खेसरा पंजी अभी प्राप्त नहीं हुई है। खेसरा पंजी तैयार करने हेतु प्रपत्र उपलब्ध करा दिया गया है। सभी संबंधित अंचल अधिकारी को 60 दिनों के अंदर खेसरा पंजी तैयार कर जिला भू- अर्जन कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश पूर्व में दिया गया था, परंतु अभी तक खेसरा पंजी  उपलब्ध नहीं कराया गया है। नतीजतन  जिलाधिकारी के द्वारा संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियो को निर्देश दिया गया कि अपने सतत् निगरानी में एक सप्ताह के अंदर खेसरा पंजी तैयार करा कर भू-अर्जन कार्यालय मोतिहारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस परियोजना से जिले का पताही, पकड़ीदयाल, पेनहारा, मोतिहारी, पिपराकोठी, तुरकौलिया,हरसिद्धि और पहाड़पुर अंचल संबंधित हैं।

राम जानकी मार्ग परियोजना के सम्बन्ध में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इस परियोजना अंतर्गत अधियाची विभाग से अधियाचना प्राप्त है। प्राप्त अधियाचना के आलोक में भूमि का किस्म/ प्रकार का निर्धारण कर लिया गया है। संबंधित अंचलाधिकारियों को खेसरा पंजी तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया है। 

जिलाधिकारी के समीक्षा में संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शीघ्र ही खेसरा पंजी तैयार कर  जिला भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page