सब इंस्पेक्टर बादल कुमार के असमायिक निधन के पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
सुगौली।नगर पंचायत क्षेत्र के धनही गांव निवासी बिहार पुलिस के सब-इंस्पेक्टर बादल कुमार के निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार की अहले सुबह पटना स्थित पीएमसीएच में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वे पिछले डेढ़ साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों में शोक व्याप्त हो गया। बादल कुमार ने वर्ष 1997 में बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर अपनी सेवा शुरू की थी। अपनी मेहनत,लगन और कार्य कुशलता के बल पर उन्होंने पुलिस विभाग में निरंतर प्रगति की और एएसआई के पद से पदोन्नत होकर सब-इंस्पेक्टर बने। पुलिस सेवा में उनके लंबे योगदान और समर्पण को लेकर लोग उन्हें याद कर रहे हैं। उनके बड़े भाई डॉ. पवन सहनी क्षेत्र के प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक हैं।
राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
सब-इंस्पेक्टर बादल कुमार का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही शुक्रवार को अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान जिला पुलिस और सुगौली थाना पुलिस की टीम ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। पुलिसकर्मियों ने सम्मानपूर्वक अपने दिवंगत साथी को अंतिम विदाई दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
पूर्व मंत्री रामचंद्र सहनी, मो.रुसतम आलम, विकास शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें संतावना दिया और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। बादल कुमार के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए लोगों ने उनके व्यक्तित्व और सेवाभाव को याद किया। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम पसरा है।

