दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
सुगौली। दुर्गा पूजा को लेकर मंगलवार को सुगौली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष अनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नूतन किरण सहित विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष व सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पूजा के आयोजन को लेकर संभावित समस्याओं और विधि-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बीडीओ ने पूजा समितियों के सदस्यों से आयोजन के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराने की बात कही। थानाध्यक्ष अनीष कुमार ने सभी पूजा समितियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बैठक में बताया गया कि सुगौली रेलवे स्टेशन, छपवा, सुगांव, छपरा बहास, बनस्पति स्थान, रघुनाथपुर, सपहा सहित विभिन्न स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। सभी पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि प्रतिमाओं का विसर्जन प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट के अनुसार ही किया जाएगा।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पूजा के दौरान शांति भंग करने अथवा किसी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मनचलों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
मौके पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि भाई अलीहसन, उप मुख्य पार्षद विकास शर्मा, हरिशंकर सर्राफ, अनिरुद्ध सिंह, नूरूल होदा कुरैशी, मोहम्मद शाबीर, जैतुल्लाह अंसारी, मुखिया मैनेजर सहनी, राजा सिंह, ऐनूल हक, अंकुर चौधरी, प्रियांशु सर्राफ, मुन्ना कुमार, संदीप झा, अनुप अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद थे।

